
रायपुर। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय शनिवार को कवर्धा पहुंचे। दोनों नेताओं ने राजनांदगांव लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडे के पक्ष में प्रचार किया। सभा के बाद एमपी के सीएम मोहन यादव ने कहा कि मैं इस बात के लिए आभारी हूं कि लोग बीजेपी और पीएम मोदी के साथ हैं। बीजेपी भारी जनादेश के साथ जीतेगी।
इससे पहले उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के विष्णु, मोहन और भजन कमाल करेंगे। दाढ़ी वाले बाबा ने गजब का चुनाव किया है। अब विपक्ष मिलकर कहां जाएंगे। कांग्रेस ने 5 साल छत्तीसगढ़ को खराब किया है। कांग्रेस ने चावल, कोयला, गोबर, रेत और लोगों का ईमान तक खा गई।
इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में कबीरधाम में सनातनियों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा गया। बिरनपुर और कवर्धा में भुनेश्वर साहू और गो-सेवक साधराम की हत्या की गई, क्या इसके लिए ही मोहम्मद अकबर का चुनाव हुआ है। इनको सबक सिखाना है। छत्तीसगढ़ में जुआ को बढ़ावा देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश को प्रत्याशी बनाया गया, उसे ऐसे हराएं कि राजनांदगांव की तरफ नजर उठाकर न देख सके।




