बलरामपुर। बलरामपुर में बृहस्पत सिंह के खिलाफ और टी.एस. सिंहदेव के समर्थन में कई कार्यकर्ता सड़कों पर उतर गए हैं, शंकरगढ में संगठन की ओर से विरोध प्रदर्शन चल रहा है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विधायक बृहस्पत सिंह को बर्खास्त करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भी लिखा है।
इधर विधानसभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव के बीच सीएम के चेंबर में चर्चा जारी है, उनके साथ कई मंत्री भी मौजूद हैं। बृहस्पत सिंह और टीएस सिंहदेव के बीच विवाद गहरा गया है। जिसके बाद आज टीएस सिंहदेव पहले तो सदन छोड़कर अपने बंगले चले गए थे।
इधर विधानसभा में ही नेता प्रतिपक्ष के चेंबर में भाजपा विधायकों की भी बैठक हो रही है, इसके पहले भाजपा ने भी सरकार पर तंज कसते हुए कहा था कि यह एक ऐतिहासिक घटना है, इसके पहले यह कभी नहीं देखा गया कि सरकार के मंत्री को सदन में जवाब नहीं मिलता और वे सदन छोड़कर चले जाते हैं।




