धमतरी – कोरोना वायरस के डर के मारे कैदियों ने भूख हड़ताल शुरू कर कोरोना टेस्ट करवाने की मांग की है. यह डर इसलिए भी स्वाभाविक है, क्योंकि जेल के अंदर कुछ दिन पहले एक कैदी कोरोना से संक्रमित पाया गया था. यही वजह है कि कैदियों ने भूख हड़ताल शुरु कर कोरोना टेस्ट करवाने की मांग की है. जेल से आ रही खबरों के मुताबिक 10 से ज्यादा बंदियों ने खाना पीना छोड़ कर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. इसकी पुष्टि जेलर ने की है.
सभी की कोरोना टेस्ट कराने की मांग
जानकारी के मुताबिक एक कैदी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जेल प्रशासन ने अपने स्टाफ और 15 बंदियों का कोरोना टेस्ट कराया है. उसके बाद भी दूसरे कैदी जेल में कोरोना वायरस को लेकर डरे सहमे हुए हैं. कैदियों की मांग है कि सभी लोगों का कोरोना वायरस से बचाव के लिए टेस्ट कराया जाए.
इलाज के लिए मेकाहारा में हुआ था भर्ती
बता दें कि जिला जेल में जो बंदी कोरोना संक्रमित पाया गया था, वह कुछ दिनों पहले जेल प्रशासन की टीम के साथ हार्निया का उपचार कराने रायपुर के मेकाहारा अस्पताल गया था. आशंका जताई गई कि वहां कई लोगों के संपर्क में आने की वजह से वह कोरोना वायरस से संक्रमित हुआ होगा. जबकि रायपुर से लौटने के बाद उस बंदी को जेल के अलग बैरक में रखा गया था. जेल में रहने वाले अन्य बंदियों से किसी तरह कोई संपर्क नहीं हुआ था. सभी बंदी संक्रमित बंदी से सुरक्षित हैं.
जेल में बंद है 197 कैदी
वर्तमान में जिला जेल में करीब 197 बंदी है. यहां कोरोना मरीज मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बंदी ग्राम रत्नाबांधा का रहने वाला है, जो धारा 304 बी के जुर्म में जेल में है. नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जेल के आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज किया था, ताकि कोई दूसरा संक्रमित न हो सके.
READ ALSO,,छत्तीसगढ़ – बाड़े से गोबर की चोरी..गौठान समिति अध्यक्ष से की शिकायत




