inh24छत्तीसगढ़

कल से होगी छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र की शुरुवात, इतने सवाल लगाए गए हैं इस बार, धान खरीदी पर जोरदार हंगामे के आसार

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में इस बार मुख्य रूप से धान खरीदी के मामलों पर विधायकों ने कई सवाल लगाए हैं। बजट सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मामलों को लेकर एक दूसरे पर आराेप-प्रत्यारोप के साथ ही जोरदार हंगामे के आसार हैं। 24 दिन के सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय ने कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी कर ली है।

बता दें कि विधायकों ने सत्र के लिए कुल 2350 सवाल लगाए हैं। सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा काम रोको प्रस्ताव और ध्यानाकर्षण के जरिए भी सरकार को घेरेने का प्रयास किया जाएगा। विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल के अभिभाषण के साथ कल से शुरू हो जाएगा। सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2021-22 का बजट भी पारित किया जाएगा।

वहीं सरकार की तरफ से आधा दर्जन संशोधन विधेयक भी इस दौरान लाए जाएंगे। 22 फरवरी से 26 मार्च तक चलने वाले इस सत्र के लिए विधायकों ने 1262 तारांकित और 1088 अतारांकित प्रश्न लगाए हैं। लगाए गए सवालों में किसानों से की गई धान खरीदी को लेकर कई सवाल लगाए गए हैं। इनमें किसानों को भुगतान में देर, टोकन कटने में देरी, किसानों के रकबे में गड़बड़ी सहित कई मामलों पर ज्यादा सवाल लगे हैं।

अन्य मामलों में नगरीय निकायों में पीएम आवास योजना, खनिज रायल्टी में वृद्धि, अवैध शराब की बिक्री और गोठानों से संबंधित मामलों को उठाया जाएगा। विधानसभा के प्रमुख सचिव गंगराडे ने मीडिया को बताया कि सत्र को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। इस दौरान कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए सदन में विधायकों को प्रवेश दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button