कांग्रेस की वॉल पेंटिंग में बड़ी चूक, कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल को कमल छाप में वोट देने की अपील, सोशल मीडिया पर वायरल हुवा पोस्टर

छत्तीसगढ़ की हाईप्रोफाइल सीट राजनांदगांव लोकसभा में कांग्रेस की वॉल पेंटिंग में बड़ी गलती हुई है। वॉल पेंटिंग करने वाले शख्स ने दीवार पर “राजनांदगांव लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल को कमल छाप पर वोट देवें” लिखा है। अब ये फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने मंगलवार को ही अपना नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। पूरे शहर की दीवारों पर अपनी-अपनी पार्टियों को जिताने के लिए नारे लिखे जा रहे हैं और वॉल पेंटिंग की जा रही है।

इस बीच कांग्रेस की वॉल पेंटिंग में सब कुछ तो सही लिखा है, लेकिन भूपेश बघेल को जिताने के लिए कमल छाप पर वोट करना लिखा है. बताया जा रहा है कि यह गलती कई दिन पहले हुई थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं को इस पर ध्यान नहीं गया और न ही किसी ने इसे सुधारने पर ध्यान दिया। कांग्रेस शहर अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा का कहना है कि हमें नहीं पता कि ये वॉल पेंटिंग किस जगह की है। यह विपक्ष की साजिश हो सकती है।




