
सोनु केदार- अंबिकापुर में कोविड-19 के खतरे को देखते हुए गुजरी बाजार को कलाकेंद्र मैदान में प्रशासन ने शिफ्ट कर दिया है। लेकिन पहले दिन कला केंद्र मैदान में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। जगह को लेकर सब्जी व्यवसाई एक दूसरे से झगड़ते नजर आए। तो वहीं दूसरी ओर तपती धूप में दूरदराज से आए ग्रामीण छाते की छांव में सब्जी बेचते दिखे।
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर गुजरी बाजार को कला केंद्र मैदान में शिफ्ट कर दिया है। ताकि कोविड-19 के सामुदायिक विस्तार को कुछ हद तक रोका जा सके। लेकिन कलाकेंद्र मैदान में प्रशासनिक व्यवस्था के बीच कुछ सब्जी व्यवसाई जगह को लेकर आपस में झगड़ते नजर आए। जबकि सब्जी व्यवसायियों के लिए कला केंद्र मैदान में उचित व्यवस्था नजर नहीं आई।

दूरदराज से अंबिकापुर सब्जी बेचने पहुंचे सब्जी व्यवसायियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तपती धूप में छाता के छांव के नीचे सब्जी व्यवसाई सब्जी बेचते दिखे। वहीं नगर निगम मेयर डॉ अजय तिर्की ने कहा कि सब्जी व्यवसायियों की समस्या को देखते हुए चलित शौचालय एवं पानी की व्यवस्था की जाएगी। ताकि सब्जी व्यवसायियों को और सब्जी खरीदने पहुंचने वाले लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।




