
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में नंदकट्ठी के एक ईंट भट्ठा में सामान छोड़ने आए एक मालवाहक चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोदाम में रखे सामान को चोरी कर लिया। वो सामान लेकर निकला ही था कि भट्ठा के मुंशी को संदेह हुआ। उसने कुछ ही दूरी पर पहुंचा मालवाहक को रोककर देखा तो उसमें चोरी का सामान था। वाहन चालक के साथी उसे छोड़कर भाग गए। वहीं चालक को चोरी के सामान सहित नंदिनी पुलिस के हवाले किया गया है।
पुलिस ने बताया कि नंदकट्ठी में असमत तेजवानी के ईंट भट्ठा में काम करने वाले मुंशी वेगल राव ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि बोड़ेगांव निवासी दानेश्वर ताम्रकार अपने साथी के साथ शनिवार को मालवाहक टाटा एस क्रमांक सीजी-25 जी 3853 में कुछ सामान लेकर ईंट भट्ठा में गया था। गाड़ी के जाने के बाद शिकायतकर्ता ने देखा तो भट्ठा के गोदाम का ताला टूटा हुआ था।
अंदर रखी तीन नग पानी मशीन, दो नग लोहे की जाली और तीन नग लोहे का ठेला गायब था। चोरी गए सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये थी। शिकायतकर्ता को मालवाहक चालक पर ही संदेह हुआ तो वो बाहर निकला। कुछ दूर पहुंचे गाड़ी को रुकवाकर देखा तो गाड़ी के डाला में चोरी का सामान था। इसके बाद शिकायतकर्ता ने गांव वालों के साथ मिलकर वाहन चालक दानेश्वर ताम्रकार को पकड़ा और नंदिनी पुलिस के हवाले किया।
इधर, नंदिनी थाना क्षेत्र के नंदिनी खुंदनी में लगे एक एटीएम में तोड़फोड़ व चोरी के प्रयास की घटना हुई है। वार्ड-7 अहिवारा निवासी शिकायतकर्ता संतोष सेन ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता 30 अगस्त की सुबह एटीएम में आई खराबी को देखने के लिए गया था। वहां जाकर देखा तो एटीएम में लगा सीएनजी लाक टूटा हुआ था। आलमारी में रखे कैमरे का डीवीआर, नेट कनेक्टिविटी के लिये लगा माडम तथा पावर सप्लाई के लिये लगा यूपीएस भी गायब था। चोरी गए सामान की कुल कीमत 20 हजार रुपये आकी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।




