Breaking Newsinh24छत्तीसगढ़

बिलासपुर – भाई ने ही भाई को काट डाला कुल्हाड़ी से, वक्त पर पहुंचती पुलिस तो रुक जाता हादसा


छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार को एक युवक ने अपने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. इस दौरान बीच-बचाव करने आई भाभी पर भी हमला कर दिया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामला सकरी थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के मुताबिक, अटल आवास निवासी मूलचंद बंजारे (32) और उसका भाई मनमोहन बंजारे (28) शनिवार की रात शराब के नशे में आपस में भिड़ गये. दोनों के बीच झगड़ा हो गया. इस दौरान उनके माता-पिता और मूलचंद की पत्नी और बच्चे भी मौजूद थे. किसी तरह उन्होंने दोनों को शांत कराया।

अगले दिन रविवार को दोनों भाइयों के बीच फिर झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर मनमोहन ने मूलचंद के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया. इससे मूलचंद जमीन पर गिर गया। इसके बाद भी मनमोहन नहीं रुका और उसके सिर पर एक के बाद एक कई वार किए।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मनमोहन ऑटो चालक का काम करता है. उनके बड़े भाई मूलचंद मजदूरी करते थे। दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर था यह अभी तक साफ नहीं हो सका है। इस संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जब दोनों भाई लड़ रहे थे तो पुलिस को सूचना दी गयी, लेकिन वह नहीं पहुंची. इसके बाद एक भाई ने दूसरे भाई की हत्या कर दी. उनका कहना है कि अगर पुलिस समय पर पहुंच जाती तो हत्या रोकी जा सकती थी.

Related Articles

Back to top button