
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के लिए चेन्नई में जारी ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल पर एकबार फिर से जमकर पैसों की बरसात हुई है। मैक्सवेल आईपीएल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम की तरफ से खेलते नजर आएंगे। आरसीबी की टीम ने मैक्सवेल को 14.25 करोड़ रूपए देकर अपने टीम में शामिल किया है। मैक्सवेल को पंजाब किंग्स की टीम ने रिलीज किया था।
ग्लेन मैक्सवेल का प्रदर्शन यूएई में खेले गए आईपीएल 2020 में काफी निराशाजनक रहा था और वह पूरे सीजन में एक भी सिक्स नहीं लगा सके थे, यही वजह रही थी कि इस सीजन से पहले पंजाब किंग्स की टीम ने उनको रिलीज कर दिया था। मैक्सवेल को पंजाब की टीम ने भी 10 करोड़ से ऊपर की रकम देकर खरीदा था। हालांकि, भारत के खिलाफ खेली गई लिमिटेड ओवर सीरीज में मैक्सवेल का प्रदर्शन बढ़िया रहा था और उन्होंने जमकर रन बनाए थे और भारत के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की थी।
ग्लेन मैक्सवेल ने आरसीबी की टीम की तरफ से खेलने की इच्छा जताई थी। उन्होंने आईपीएल 2021 को लेकर बात करते हुए कहा था, ‘मैं विराट के साथ काफी अच्छा जा सकता हूं। मुझे काफी खुशी होगी विराट कोहली के अंडर खेलने में और मैं उनके साथ बल्लेबाजी को काफी एन्जॉय भी करूंगा। यह बात तय है। उनके साथ काम करना शानदार होगा और वह मेरे लिए इस यात्रा में हमेशा ही काफी मददगार रहे हैं। जब भी मेरी उनसी बात हुई है तब वह लाजवाब दिखे हैं। तो उनके साथ काम करना काफी कूल होगा।’
आईपीएल टूर्नामेंट इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस हैं। जिन्हें पिछले सीजन की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 15.50 करोड़ रुपए में खरीदा था।
दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स हैं जो साल 2017 की नीलामी के दौरान 14.50 करोड़ रुपए में राइजिंग पुणे सुपरजायंट टीम में शामिल हुए थे।



