उत्तरप्रदेश में फिर लड़की का शव नहर किनारे बरामद, बलात्कार की आशंका
उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद के लोनी इलाके में बंथला नहर के किनारे रविवार प्रातः एक लड़की का शव बरामद हुआ है। रविवार की सुबह करीब 6 बजे गाजियाबाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलती है कि बंथला नहर के किनारे एक लड़की की डेड बॉडी पड़ी मिली है।
मौके पर पुलिस पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल भेज दिया. बताया जा रहा है कि लड़की के कपड़े अस्त व्यस्त हालत में दिख रहे हैं, जिससे यह आशंका है कि लड़की का रेप करने बाद हत्या कर नहर के किनारे फेंक दिया गया। पुलिस का कहना है कि हत्या किस तरह से की गई और कुछ गलत हुआ या नहीं ये पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो पाएगा. फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई है और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित लड़की की पहचान की कोशिश की जा रही है, इसके लिए पुलिस आसपास के तमाम थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक जिस जगह पर लाश को फेंका गया है वो लोनी रोड से करीब एक किलोमीटर अंदर की तरफ है. इसलिए पुलिस को आशंका है कि किसी ने कार से आकर मौके पर डेड बॉडी को फेंक दिया. पुलिस जांच के लिए सीसीटीवी की मदद ले रही है।




