मुंबई पुलिस ने फेक टीआरपी रैकेट (Fake TRP Racket) का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने कहा कि पैसे देकर टीआरपी खरीदा जाता था, जिसमें रिपब्लिक टीवी का नाम भी शामिल है।
मुंबई पुलिस द्वारा लगाए गए इन आरोपों का खंडन करते हुए रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी ने एक बयान जारी किया है. अर्नब गोस्वामी ने अपने बयान में फेक टीआरपी रेटिंग्स रैकेट में अपने चैनल की भागीदारी को खारिज करते हुए कहा कि सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में हमने मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह से सवाल किए थे, इसलिए रिपब्लिक टीवी पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।
न्यूज एंकर ने आगे कहा कि चैनल के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर रिपब्लिक भारत मुंबई के पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर करेगा. गोस्वामी ने कहा कि चैनल पर आरोप लगाकर सुशांत सिंह राजपूत मामले में शहर की पुलिस की जांच से ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।
बता दें कि मुंबई पुलिस कमिश्नर ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि टेलीविजन रेटिंग पॉइंट में हेरफेर करने के लिए दो स्थानीय मीडिया ग्रुप और रिपब्लिक टीवी सहित तीन न्यूज चैनल एक रैकेट में शामिल हैं. हंसा रिसर्च ग्रुप के पूर्व कर्मचारियों के भी इसमें शामिल होने की आशंका है।
सिंह ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए दावा किया कि उन चुनिंदा परिवारों को जो टीआरपी रेटिंग निर्धारित करने के लिए सर्वेक्षण का हिस्सा है. इन चैनलों को खुला रखने के लिए उन परिवारों को 400-500 रुपए का भुगतान किया गया. उन्होंने कहा कि लगभग 2 हजार परिवारों को इतनी रकम का भुगतान किया गया था।



