रायपुर – कोरोना महामारी ने हमारे जीवन के मायने ही बदल दिये हैं, संकट अभी भी चारो ओर पसरा हुआ है, भले सरकार की जागरूकता, प्रयत्नों एवं योजनाओं ने जनजीवन में आशा का संचार किया हो, लेकिन इस महाव्याधि मुक्ति के लिये अभी लम्बा संघर्ष करना होगा। छत्तीसगढ़ में कोरोना की रफ्तार कुछ कम तो हुई है, लेकिन जिस तरह से अब कोरोना वारियर्स संक्रमण की चपेट में लगातार आ रहे हैं, उसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को कोरोना कमांड सेंटर के दो अफसर भी कोरोना की चपेट में आ गये, तो वहीं 28 पुलिसकर्मियों की भी रिपोर्ट पोजेटिव आयी है।
ये सभी पुलिसकर्मी राजधानी में अलग अलग जगह तैनात थे, हालांकि इनमें से कुछ जवान क़वारन्टीन में भी थे, लेकिन कई पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी भी कर रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक सभी 28 जवान CAF के हैं। वहीं डायल 112 का भी एक स्टाफ कोरोना पोजेटिव मिला है। अब स्वास्थ्य विभाग सभी के कांटेक्ट हिस्ट्री निकाल रही है, हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि ये जवान ड्यूटी के दौरान संक्रमित हुए हैं, या फिर किसी अन्य गतिविधि के दौरान वायरस की चपेट में आये हैं। फिलहाल सभी जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोरोना सेंटर के 2 अफसर पोजेटिव
कोरोना स्टेट कमांड सेंटर के एक अधिकारी कोरोना पॉजेटिव मिले थे, अब खबर ये आ रही है कि कोरोना कमांड सेंटर के दो अलग-अलग विंग के दो अफसर कोरोना पॉजेटिव मिले है। स्टेट कमांड सेंटर के ये दोनों अफसर बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।रिपोर्ट पॉजेटिव आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक सुबह इन अफसरों की पहली रिपोर्ट निगेटिव आयी थी,
जिसकी वजह से इन अफसरों ने आज अपनी ड्यूटी भी की थी, लेकिन देर शाम आयी पॉजेटिव रिपोर्ट के बाद कोविड कमांड सेंटर में हड़कंप मच गया है। हालांकि इन अफसरों ने संक्रमण का कोई लक्षण नहीं है, सभी का स्वास्थ्य बिल्कुल सामान्य है, लेकिन रिपोर्ट पॉजेटिव होने के बाद इन्हें या तो अस्पताल या फिर घर पर ही क्वारंटीन होना होगा।




