छतीसगढ़ पुलिस भर्ती के लिए होने जा रहा फिजिकल टेस्ट… जानिए कितनी पोस्ट पर होगी भर्ती
दो सालों से रुकी हुई पुलिस भर्ती की प्रक्रिया अब फिर से शुरू होने जा रही है। इसके लिए फिजिकल टेस्ट 28 जनवरी से शुरू होना है। 30 सितंबर 2018 में हुई लिखित परीक्षा में शामिल हुए अभ्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया को लेकर बुधवार शाम सरकार की तरफ से आदेश जारी कर दिया गया है। यह भर्ती परीक्षा आरक्षक के पद पर होनी है। टोटल 2259 पोस्ट के लिए 48 हजार से अधिक उम्मीदवार लिखित परीक्षा में शामिल हुए थे।
फिजिकल टेस्ट दिनांक 28 जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगी। टेस्ट के लिए 5 सेंटर बने हैं। स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा (रायपुर), दूसरी वाहिनी, छसबल, सकरी (बिलासपुर), पांचवीं वाहिनी, छसबल, कंगोली (जिला बस्तर), शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ग्राउंड, अंबिकापुर तथा पहली एवं सातवीं वाहिनी, छसबल, भिलाई (जिला दुर्ग) में यह टेस्ट लिया जाएगा।
इस टेस्ट में उम्मीदवारों को 800 मीटर, 100 मीटर, लंबी कूद, शॉट-पुट (गोला फेंक) और ऊंची कूद जैसी बाधाओं को पार करना होगा। मार्किंग पेटर्न और पूरी जानकारी छत्तीसगढ़ पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध है। शारीरिक दक्षता के लिए कैंडीडेट 22 जनवरी को सुबह 10 बजकर 30 मिनट से अपना प्रवेश पत्र छत्तीसगढ़ पुलिस की वेबसाईट से डाउनलोड कर सकते हैं। एसएमएस के जरिए भी उम्मीदवारों को जानकारी प्रदान की जा रही है।




