Business

एलेक्सा की मदद से बहन की जान बचाने वाली बच्ची को महिंद्रा ने दिया जॉब का ऑफर, चेयरमैन ने कही ये बात…

नई दिल्ली। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने उस लड़की को नौकरी की पेशकश की है, जिसने खुद को और अपनी छोटी बहन को बंदरों के हमले से बचाया है। एक साहसी कदम में एक 13 साल की लड़की ने अपनी सूझबूझ का परिचय दिया और अमेजन के वर्चुअल वॉयस असिस्टेंट एलेक्सा का उपयोग करके बंदरों को भगा दिया। लड़की की इस तरकीब को जान मशहूर उद्योगपति आनंद महिंद्रा काफी खुश हैं। उन्होंने लड़की को पढ़ाई पूरी करने के बाद अपनी कंपनी ज्वाइन करने का ऑफर दिया है।

यह मामला उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का है, जहां कथित तौर पर लड़की अपनी छोटी बहन के साथ घर पर थी। तभी बंदर घर में घुस आए। बंदरों से बचने के लिए लड़की ने एलेक्सा का इस्तेमाल करना सही समझा। लड़की ने एलेक्सा को कुत्ते की तरह भौंकने का आदेश दिया। लड़की की यह रणनीति काम कर गई। कुत्ते के भौंकने की आवाज सुन सभी बंदर भाग खड़े हुए।

इस तरह लड़की ने सफलतापूर्वक खुद को और अपनी छोटी बहन को बचा लिया। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “हमारे युग का प्रमुख प्रश्न यह है कि क्या हम तकनीक के गुलाम हैं या उसके मालिक। इस युवा लड़की की कहानी यह दिलासा देती है कि तकनीक हमेशा मानवीय प्रतिभा की सहायक रहेगी है। बच्ची की त्वरित सोच असाधारण थी।”

ट्वीट में आनंद महिंद्रा ने आगे कहा कि लड़की के अंदर किसी भी विकट परिस्थिति का सामना करने की पूरी क्षमता है। महिंद्रा ने वादा किया कि अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद अगर वह लड़की कभी कॉर्पोरेट जगत में काम करने का फैसला करती है, तो उनकी कंपनी महिंद्रा को उसके साथ जुड़ने में काफी खुशी होगी।

Related Articles

Back to top button