उत्तर प्रदेशदेश विदेश

आर्मी की तैयारी कर रहे युवक की कार में पुलिस ने रखा तमंचा, गिरफ्तार कर भेज दिया जेल, वीडियो हुवा वायरल तो मचा हड़कंप

बुलंदशहर में एक युवक को फंसाने के लिए पुलिस ने खुद ही उसकी कार में तमंचा रखा और उसे जेल भेज दिया। वीडियो इतनी तेजी से वायरल हुआ कि राजधानी लखनऊ तक पहुंचा और शासन ने डीजीपी से रिपोर्ट मांग ली।

इसके बाद डीजीपी सख्त हुए तो एसएसपी भी एक्शन में आ गए। पुलिस की फजीहत होने पर एसएसपी ने दोषी कोतवाल, कस्बा चौकी प्रभारी समेत चार पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया। दो होमगार्ड के खिलाफ भी विभाग को रिपोर्ट भेज दी है। वीडियो को अखिलेश यादव और स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी एक्स पर पोस्ट कर योगी सरकार पर हमला किया है। इसमें युवक को दलित बताते हुए कहा कि यूपी की पुलिस इसी तरह से दलितों और पिछड़ों को फर्जी तरीके से जेल भेज रही है।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक पुलिसकर्मी बाइक से सफेद पोटली में तमंचा लपेटकर युवक की कार के डैसबोर्ड में रखता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस द्वारा बनाई गई फर्द में भी कार की डैशबोर्ड से तमंचा बरामदगी का जिक्र किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट तलब की है, सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीजीपी से पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी है।

वहीं सपा ने वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा कि सीएम योगी की यूपी की बुलंदशहर पुलिस का कारनामा देखिए। बाइक से सफेद पोटली में लिपटा तमंचा निकाला और कार में रख दिया, फिर कार मालिक दलित अमित को जेल भेज दिया। यूपी में पुलिस सीएम योगी के इशारे पर किस तरह से दलितों पिछड़ों और विपक्षियों को फर्जी तरीके से फंसाकर जेल भेजने का काम कर रही है ये इस घटना से भी स्पष्ट हो रहा। सीएम योगी यूपी में सरकार नहीं जंगलराज चला रहे हैं।

एसएसपी श्लोक कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच एसपी क्राइम डॉक्टर राकेश मिश्रा को सौंपी है। सोमवार रात में ही एसपी क्राइम शिकारपुर कोतवाली पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच पड़ताल की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच रिपोर्ट बनाकर एसएसपी को सौंप दी है।

तीन दिन जेल में रहा युवक

शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव करीरा निवासी अमित 21 जुलाई को अपनी ननिहाल गांव लोधई गया था। वापसी में शिकारपुर में पुलिस ने उसकी कार रुकवा ली। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी कार में तमंचा रखकर बरामदगी दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। युवक तीन दिन जेल में रहा और फिर जमानत पर बाहर आया। सोमवार को अचानक घटना की वीडियो वायरल होने लगी।

एसएसपी ने प्राथमिक जांच में दोषी पाए जाने पर सोमवार देर रात शिकारपुर कोतवाल राजेश कुमार चतुर्वेदी, कस्बा चौकी प्रभारी शुभम चौधरी, कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार को दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। होमगार्ड नूर हसन और भूपेंद्र कुमार के खिलाफ होमगार्ड कमांडेंट को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। जितेंद्र कुमार दुबे को शिकारपुर कोतवाली का नया कोतवाल नियुक्त किया गया है।

आर्मी की तैयारी कर रहा था युवक

अमित के छोटे भाई अंकित ने बताया कि उसके भाई ने हाईस्कूल और पॉलिटेक्निक की परीक्षा पास कर रखी है। फिलहाल आर्मी की तैयारी कर रहा था और पिता के दुर्घटना में घायल होने पर उनके साथ खल की दुकान पर भी हाथ बंटा रहा था। परिजनों ने मामले में पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार मुख्यमंत्री से लगाई है।

एसपी क्राइम डॉक्टर राकेश मिश्रा के अनुसार जांच रिपोर्ट के आधार पर कोतवाल राजेश कुमार चतुर्वेदी, कस्बा चौकी प्रभारी शुभम चौधरी, कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार को सस्पेंड किया गया है। होमगार्ड नूर हसन और भूपेंद्र कुमार के खिलाफ होमगार्ड कमांडेंट को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी है।

Related Articles

Back to top button