
अथमलगोला। पटना के अथमलगोला थाना क्षेत्र के रामनगर दियारा गांव में मंगलवार को एक नवविवाहिता की हत्या कर शव गायब करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस छानबीन में जुटी हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि रंजन कुमार हिमाचल प्रदेश में काम करता था। मंगलवार को पति पत्नी ने आपस में झगड़ा किया था, उसी में पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
वहीं, देर शाम सबनम कुमारी की मां ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर हत्या कर शव को गायब कर देने का आरोप लगा लिखित शिकायत थाने में दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि रामनगर दियारा में एक महिला की जहर खाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी।
पुलिस के पहुंचने के पूर्व घर में ताला बंद कर ससुराल वाले फरार हो चुके थे, पुलिस शव की बरामदगी एवं ससुराल वालों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी में जुटी हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि एफएसएल की टीम को बुलाया गया है, जो जांच कर रही हैं। साथ ही बताया कि सबनम कुमारी की मां सूर्यगढ़ा लखीसराय निवासी ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर हत्या कर शव गायब कर देने की लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हैं।




