छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में गर्भवती युवती की मौत, चलती ट्रेन में आया हार्टअटैक

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में मंगलवार दोपहर गर्भवती युवती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चलती ट्रेन में उसे हार्ट अटैक आने से उसकी जान चली गई। युवती अपने परिवार के साथ जालंधर से जांजगीर-चांपा लौट रही थी। घटना बिलासपुर स्टेशन की है।
जानकारी के अनुसार मूलत: जांजगीर- चांपा जिले के जैजेपुर क्षेत्र के ग्राम खजुरानी निवासी रेखा कर्ष (25 साल) की शादी करीब साल भर पहले प्रदीप कर्ष से हुई थी। प्रदीप का बड़ा भाई पितांबर पंजाब के जालंधर में चप्पल फैक्ट्री में काम करता है और परिवार सहित वहीं रहता है। शादी के बाद से प्रदीप और रेखा भी उनके पास चले गए थे।
छट्ठी मनाने आ रहे थे गांव, तभी हुई घटना
प्रदीप ने बताया कि प्रदीप के बड़े भाई का बेटा हुआ है। लिहाजा, उसका छट्ठी कार्यक्रम करने के लिए वह परिवार के आठ सदस्यों के साथ जालंधर से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में बैठकर जांजगीर-चांपा के लिए निकले थे। परिवार के पांच सदस्य S-5 और S-3 कोच में सफर कर रहे थे।
भोपाल में आया था तेज बुखार
GRP की पूछताछ में पता चला कि युवती हृदय रोगी थी। इसके चलते वह स्वस्थ रहती थी। ट्रेन में भोपाल के पास अचानक उसे बुखार तेज हुआ, जिसे सामान्य मानकर युवती ने दवाई ली। इससे बुखार उतर भी गया था।
स्टेशन पहुंचते ही हो गई मौत
रेखा S-3 कोच में ही थी। ट्रेन चकरभाठा रेलवे स्टेशन पहुंची थी कि तभी अचानक रेखा की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। पति प्रदीप ने इस घटना की जानकारी TTE को दी। फिर उन्होंने कंट्रोल रूम को सूचना दी। बिलासपुर स्टेशन पहुंचते ही डॉक्टर व GRP की टीम पहुंच गई थी। डॉक्टर ने जांच के बाद रेखा को मृत बता दिया।
PM नहीं कराने किया आग्रह
प्रदीप ने GRP की टीम को बताया कि उसकी पत्नी रेखा हार्ट पेसेंट थीं और गर्भवती भी थी। उसका पूर्व में हार्ट की सर्जरी भी हुई थी। GRP ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल ले जाने की बात कही। इस पर परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और लिखित में निवेदन किया। इसके चलते GRP ने बिना पोस्टमार्टम के शव को परिजनों को सौंप दिया।





