रायपुर में नकली दवाओं के बड़े कारोबार का खुलासा, आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर एलोपैथिक दवाएं मिलाकर जा रहा था बेचा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नकली दवाओं के एक बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है. आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर एलोपैथिक दवाएं मिलाकर बाजार में बेची जा रही थी. इसका करोड़ों रुपए का कारोबार छत्तीसगढ़ में चल रहा था. खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है और 10 करोड़ रुपए की नकली दवाइयां जब्त की हैं. इस मामले में तार मध्यप्रदेश से जुड़े हुए हैं. जानकारी के मुताबिक आगे भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी.
दरअसल गुरुवार यानी 2 फरवरी को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की 4 अलग अलग अलग टीम ने रायपुर और बलौदा बाजार जिले के कंपनियों पर छापेमारी की. इस दौरान भारी मात्रा में नकली एलोपैथिक दवाएं जब्त की गई. इन दवाइयों को लैब में जांच कराने पर डाइक्लोफेनिक और एसिक्लोफेनिक की मात्र पाई गई है. इसके लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पिछले दो महीने से पड़ताल की है. इसके बाद एक साथ 4 जगहों पर रेड मारी गई है.




