देश विदेश

राष्ट्रपति ट्रम्प ने फिर धमकाया WHO को, पत्र लिख दी है कड़ी चेतावनी

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक बार फिर विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन (WHO) पर हमला करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र का स्वास्थ्य संगठन चीन के हाथों की ‘कठपुतली’ है। डोनाल्‍ड ट्रंप ने दावा किया कि देश में कोरोना वायरस से अधिक लोगों की मौत हुई होती, अगर उन्होंने चीन से यात्रा पर प्रतिबंध नहीं लगाया होता, जिसका स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा विरोध किया गया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने डब्ल्यूएचओ के डीजी टेड्रोस घेब्रेयेसस को पत्र में कहा है कि अगर अगले 30 दिनों के भीतर संस्‍था ने जरूरी सुधारों के लिए प्रतिबद्ध नहीं हुआ, तो मैं WHO को दी जाने वाली फंडिंग को अस्थायी रूप से फ्रीज़ कर दूंगा और संगठन में हमारी सदस्यता पर भी पुनर्विचार करूंगा।

ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, ‘वे (WHO) चीन के हाथों की एक कठपुतली है। वे चीन-केंद्रित हैं और उन्‍हें अच्छा दिखाने की लगातार कोरिश करने में जुटे हुए हैं। वे चीन के हाथों की कठपुतली हैं। मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत दुखद काम किया है। संयुक्त राज्य अमेरिका उन्हें प्रति वर्ष 450 मिलियन अमेरिकी डालर का भुगतान करता है। चीन उन्हें एक साल में 38 मिलियन अमेरिकी डालर का भुगतान करता है।’

वहीं ट्रंप ने एक सवाल के जवाब में कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन जनवरी के अंत तक चीन से यात्रा पर प्रतिबंध लगाने के खिलाफ था। उन्‍होंने बताया, ‘विश्व स्वास्थ्य संगठन इसके खिलाफ था। वे प्रतिबंध लगाने के खिलाफ थे। उन्होंने कहा कि आपको इसकी आवश्यकता नहीं है, यह बहुत अधिक है, यह बहुत गंभीर है और वे गलत निकले। ट्रंप ने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और पूर्व उपाध्यक्ष जो बिडेन भी प्रतिबंध के खिलाफ थे।

Related Articles

Back to top button