Cgnews- जूही ने हासिल किया मिसेज इंडिया-आईएनसी फर्स्ट रनर अप का खिताब

छत्तीसगढ़ – प्रतिभाशाली व्यक्तित्व जूही व्यास ने मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में मिसेज इंडिया आईएनसी में फर्स्ट रनर अप का खिताब जीता है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि के लिए अपने छत्तीसगढ़वासियों का आभार जताया है। इस उल्लेखनीय सफलता के बाद जूही 18 जून को छत्तीसगढ़ पहुंच रही हैं। संयुक्त परिवार में निवासरत जूही के परिजन दुर्ग व रायपुर में रहते हैं।
पेशे से साफ्टवेयर इंजीनियर जूही व्यास ने सौंदर्य प्रतियोगिता में भाग लेने के अपने जुनून को अपने पेशे पर हावी नहीं होने दिया और दोनों क्षेत्रों में सफलतापूर्वक अपना दखल बरकरार रखा। जूही ने बताया कि मिसेज इंडिया आईएनसी का ग्रैंड फिनाले 15 जून को नेस्को सेंटर, गोरेगांव, मुंबई में आयोजित किया गया।
इस शो के सम्मानित जूरी पैनल में अभिनेत्री सोहा अली खान, अभिनेता विवेक ओबेरॉय, क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन, पूर्व मिसेज वर्ल्ड अदिति गोवित्रिकर और मिसेज इंडिया आईएनसी की संस्थापक और सीईओ मोहिनी शर्मा जैसी हस्तियां शामिल थीं। इस प्रतियोगिता में सरगम कौशल विजेता रहीं और उन्हें फर्स्ट रनर अप घोषित किया गया। इस शो को सचिन कुम्भर ने होस्ट किया।
31 वर्षीय जूही ने बताया कि परिवार में पति शांतनु व्यास (पेशे से व्यवसायी) और दो बच्चों की जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उन्होंने इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता की तैयारी की। इसके अलावा वह स्वयं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित मेकअप आर्टिस्ट और हेयर ड्रेसर हैं और सफलतापूर्वक अपना सैलून और स्पा चलाती हैं।
अपनी सफलता के बारे में जूही का कहना है कि वह जो कुछ भी करती हैं, उसके मूल में कड़ी मेहनत और समर्पण है और वह हार मानने में विश्वास नहीं रखती।





