घर से भागकर दुर्ग में प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर की आत्महत्या, दोनो के घरों में पसरा मातम

धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र के जालमपुर और अछोटी गांव के रहने वाले एक प्रेमी जोड़े ने अपने साथ जीने मरने के कसम को कुछ इस तरह निभाया की सुनने वाला हर कोई हैरान रह गया, दोनों ने घर से भागकर दुर्ग में जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। युवक की लाश बघेरा के पहले रेलवे लाइन के पास मिली है, जबकि नाबालिग लड़की का शव दुर्ग रेलवे स्टेशन से लगे विजय नगर के पास रेलवे लाइन पर पड़े मिला।
मामले में किशोरी के परिवार वालों ने अर्जुनी थाना में उसके अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों के शव मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस ने जांच शुरू कर इसकी जानकारी धमतरी अर्जुनी पुलिस को दे दी है। पुलिस ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान तुलाराम साहू (19) और नाबालिग उम्र 16 वर्षीय के रूप हुई है।
जानकारी के मुताबिक दोनों धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के जालमपुर और अछोटी गांव के रहने वाले थे। दोनों 2 सितंबर से धमतरी से एक साथ निकले थे। जांच में पता चला है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, लेकिन उनके परिवार वाले इसके खिलाफ थे। इसलिए दोनों वहां से एक साथ भागे।
आशंका जताई जा रही है कि दोनों पहले एक साथ कहीं रुके हुए थे और फिर दुर्ग में आकर आत्महत्या कर ली। एसपी ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त हो गई है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों ने पहले कीटनाशक दवा का सेवन किया। मोहन नगर पुलिस ने धमतरी के अर्जुनी पुलिस को इसकी जानकारी दे दी है। इस मामले में परिजनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई अर्जुनी पुलिस कर रही है।





