छत्तीसगढ़

सुकमा की बेटी नंदिनी ने संसद में बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, पूरी एकाग्रता से संसद में बैठे लोग नंदनी का भाषण सुन रहे थे लोग


रायपुर। अंबेडकर जयंती पर संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सुकमा की बेटी ने अपने जोशीले भाषण से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। नंदिनी का आत्मविश्वास से भरा भाषण इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। नक्सल प्रभावित सुकमा के नेहरू युवा केंद्र की नंदिनी यादव ने अपना तीन मिनट का भाषण छत्तीसगढ़ी में प्रारंभ किया और अंग्रेजी तथा हिंदी में भी डा. अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला। नंदिनी ने अपने भाषण की शुरुआत जय जोहार से किया। नंदनी ने अपने भाषण की शुरुआत अपना परिचय देते हुए कुछ इस तरह किया , मैं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक राजधानी बस्तर की निवासी हूं और सुकमा जिले के नेहरू युवा केंद्र का प्रतिनिधित्व कर रही हूं।

नंदिनी ने अपने भाषण में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के योगदान का जिक्र किया। देश की आजादी, समाज में बराबरी के लिए किए गए योगदान और उनके प्रयोगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नंदिनी ने कहा कि बाबा साहब यह कहते थे कि मैं समाज की प्रगति इस बात से देखता हूं कि समाज की महिलाएं किस तरह प्रगति करती हैं। उन्होंने महिलाओं के उत्थान के लिए कई कार्य किए। नंदिनी ने कहा कि देश के लिए जिसने विलास को ठुकराया था, देश का वह दीपक बाबा साहब कहलाया था। नंदिनी ने अपने भाषण में बाबा साहब के कार्यों और प्रयासों के लिए एक शायरी भी कही। उन्होंने कहा कि अरे पर्वत, तू कल तक जिसकी लाचारी पर हंसता था, चोटी पर बैठ है वही, बैसाखियां लेकर। नंदिनी ने जब अपना भाषण खत्म किया तो हाल में उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों से उनका अभिवादन किया।

संसद में भाषण देने के लिए नंदिनी का चयन नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया था। देशभर के बच्चों ने इसमें भाग लिया था। वह अब तक टीवी पर संसद में नेताओं को भाषण देते सुनती थीं, पहली बार करीब से देखने का अवसर मिला। देश के विभिन्न् राज्यों के प्रतिनिधि वहां अपने राज्यों की संस्कृति को प्रस्तुत करने पहुंचे थे। उन्हें लोकसभा की कार्यवाही के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। नंदिनी के पिता नहीं हैं। मां दमयंती यादव ने नंदिनी, उनकी बहन व भाई की परवरिश है। तीनों भाई बहन पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

read also- CG News : बेरोजगारों के लिए अच्छी खबर, रोजगार पंजीयन के नवीनीकरण की तारीख बढ़ी…

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नंदिनी यादव के वीडियो को ट्वीट करके कहा कि देखिए आत्मविश्वास से भरे छत्तीसगढ़ की यह झलक। बस्तर अंचल के सुदूर सुकमा की इस बच्ची का आत्मविश्वास आपको भी गर्व से भर देगा। यह नवा छत्तीसगढ़ है। हमारे छत्तीसगढ़ की बेटियां निरंतर आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने नंदिनी यादव को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां छत्तीसगढ़ महतारी के यश में निरंतर वृद्धि करती रहेंगी।

बस्तर की परंपरागत वेशेभूषा में पहुंची नंदिनी जिस समय भाषण दे रही थीं, पूरे हाल में सन्‍नाटा था और लोग पूरी एकाग्रता से उनका भाषण सुन रहे थे।
नंदिनी ने सुकमा के शिशु मंदिर तथा जवाहर नवोदय विद्यालय से स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद दुर्ग के हेमचंद यादव विवि से बायो टेक्नालजी में बीएससी किया। वर्तमान में वह सुकमा प्रशासन द्वारा पीएससी की तैयारी के लिए चलाए जा रहे सक्षम केंद्र में पढ़ाई कर रही हैं। नंदिनी शुरू से भाषण व गायन के माध्यम से मंच पर सक्रिय रही हैं। इसी से उनमें इतना आत्मविश्वास मिला है।



Related Articles

Back to top button