18 वर्ष से अधिक के सभी लोगों का वैक्सीनेशन शुरू, बलौदाबाजार में कुल 3206 हितग्राही ने वैक्सीनेशन कराया
वेक्सिनेशन महाभियान में युवाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया जिले में कुल3206 लोगो ने टीका लगवाया

कुश अग्रवाल बलौदाबाजार – वैक्सीनेशन के लिए केंद्र सरकार द्वारा बदली गाइडलाइन के अनुसार आज जिले में 18 या इससे अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों के लिए एक साथ वैक्सीनेशन की शुरुआत की गई । जिले में इस नए निर्देश के बाद पहली बार हुए वैक्सीनेशन में आज कुल 3206 लोगों ने वैक्सीन लगवाई । जिसमें बलौदा बाजार में 1000,भाटापारा में 627,बिलाईगढ़ में 281,कसडोल में 256,पलारी में 392 और सिमगा में 650 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया ।
इस आशय की जानकारी देते हुए जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ खेमराज सोनवानी ने बताया कि जिले में आज वैक्सीनेशन हेतु कुल 127 सेशन साइट निर्मित किए गए थे । 6 ब्लॉक के इन साइटों की निगरानी हेतु जिले से एक -एक टीम भी बनाकर भेजी गई थी, जिसमें से प्रत्येक टीम ने 8-10 सेशन साइटों का दौरा किया ।
इसमें डॉक्टर बीके साहू पलारी, डॉक्टर शिव पैकरा सिमगा, सृष्टि मिश्रा एवं श्वेता शर्मा भाटापारा, दीपक चंद्रवंशी कसडोल, पारस सोनबर बिलाईगढ़ और सुकन्या बलौदा बाजार के द्वारा विभिन्न साइटों का निरीक्षण किया गया ।
निरीक्षण में पाया गया कि, वैक्सीनेशन के किसी साइड इफेक्ट से बचने के लिए एई और एसआई किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थी एवं ऑनलाइन पंजीयन भी हो रहा था तथा सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई थी । भीड़ प्रबंधन तथा अन्य विभागों जैसे पंचायत, महिला बाल विकास,शिक्षा विभाग का भी समन्वय अच्छा था ।

परंतु कुछ स्थानों पर हितग्राहियों का रुझान सकारात्मक नहीं रहा । जैसे ग्राम टिकुलिया के वैक्सीनेशन केंद्र पर समस्त स्टाफ प्रतीक्षारत रहे किंतु दोपहर 2:30 तक केवल 2 हितग्राही वैक्सीनेशन के लिए पहुंचे । आज के वैक्सीनेशन में कहीं से भी किसी प्रकार के साइड इफेक्ट की कोई सूचना नहीं है। ।
सी एम एच ओ ने बताया कि मंगलवार और शुक्रवार को विभाग द्वारा रूटीन टीकाकरण आयोजित किया जाता है अतः उक्त दिवस को कोविड वैक्सीनेशन सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जाएगा।




