वट सावित्री व्रत का खास है महत्व, जानें कब है व्रत शुभ मुहूर्त और वट सावित्री कथा

हिंदू व्रत/त्यौहारों में वट सावित्री व्रत का खास महत्व है। इस व्रत को ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या के दिन जाता है। इस दिन महिलाएं अखंड सौभाग्य और संतान प्राप्ति की कामना के लिए व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा करती हैं। इस साल 10 जून 2021 को वट सावित्री व्रत का पालन किया जाएगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, विवाहित महिला इस व्रत को पूरी श्रद्धा और भक्ति से पूरा करती हैं तो उसका पति लंबी आयु वाला होता है। इस दिन महिलाएं वट वृक्ष (बरगद) की पूजा करती हैं। यह व्रत हर साल ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि को रखा जाता है। आइए जानते हैं इस व्रत से जुड़ी अन्य जानकारी, जैसे मुहूर्त, पूजा विधि और कथा के बारे में-
कब है वट सावित्री व्रत 2021
वट सावित्री व्रत तिथि – वृहस्पतिवार, 10 जून 2021
अमावस्या तिथि प्रारम्भ – बुधवार, 9 जून 2021 को दोपहर 01:57 बजे से
अमावस्या तिथि समाप्त – वृहस्पतिवार, 10 जून 2021 को शाम 04:22 बजे
पूजा विधि
दैनिक कर्म से निवृत्त होकर स्नान करें। नए साफ सुथरे वस्त्र धारण करें।
गंगा जल छिड़ककर घर को शुद्ध करें।
सभी पूजा सामग्री को बांस से बने पात्र में रखकर वट वृक्ष के नीचे ले जाकर रखें।
यहां सावित्री और सत्यवान की पूजा करते हुए वट वृक्ष की जड़ में जल छोड़ें ।
पूजा में जल, मौली धागा, रोली, कच्चा सूत, भीगा चना, पुष्प, धूप, अगरबत्ती का प्रयोग करें।
जल से वटवृक्ष को सींचकर तने के चारों ओर सामर्थ्य अनुसार 3 से 108 बार कच्चा कच्चा धागा लपेटकर परिक्रमा करें।
वट सावित्री की कथा सुनें।
इसके बाद अपनी सास के पैर छूकर आशीर्वाद लें।
पूजा समाप्ति पर जरूरतमंदों को सामर्थ्य अनुसार दान करें।
वट सावित्री कथा
धार्मिक मान्यानुसार, प्राचीन काल में अश्वपति नाम का राजा था। इस राजा की पुत्री का नाम सावित्री था। जब सावित्री विवाह योग्य हुई तब राजा ने अपने मंत्री के साथ सावित्री को अपना पति चुनने के लिए भेजा। सावित्री ने अपने वर के रूप में सत्यवान को चुना। सत्यवान के पिता महाराज द्युमत्सेन का राज्य छिन चुका था और वे अंधे हो गए थे। वे अपने पुत्र और पत्नी सहित वन में रहते थे। सावित्री ने जब सत्यवान से विवाह किया तब देवर्षि नारद ने उन्हें बताया कि सत्यवान अल्पायु का है। नारदजी की बात सुनकर राजा अश्वपति ने सावित्री से किसी अन्य को अपना पति चुनने की सलाह दी, लेकिन सावित्री का कहना था कि मैं सत्यवान का वरण कर लिया है, इसलिए अब किसी दूसरे पुरूष का उसके हृदय में स्थान नहीं है।
इधर, सावित्री ने देवर्षि नारद से सत्यवान की मृत्यु का समय जान लिया। सत्यवान की मृत्यु तिथि के तीन दिन से ही सावित्री ने व्रत प्रारंभ किया। नारद के बताए तिथि के दिन जब सत्यवान लकड़ी काटने जंगल के लिए गया तब अपने सास−ससुर से आज्ञा लेकर सावित्री भी सत्यवान के साथ गई। लकड़ी काटने के लिए सत्यवान पेड़ पर चढ़ा, इसी दौरान उसे असहनीय पीड़ा होने लगी और वह पेड़ से नीचे उतर गया। इसके बाद सावित्री ने उसे बरगद के पेड़ के नीचे लिटाकर उसका सिर अपनी गोद पर रख लिया।
यमराज ने सावित्री को दिए तीन वरदान
इसके बाद यमराज सत्यवान के प्राण लेकर चलने लगे। (कहीं उल्लेख मिलता है कि सत्यवान को सर्प ने डसा था।) इसके बाद सावित्री भी यमराज के पीछे चली। लेकिन यमराज ने सावित्री को यमराज ने वापस जाने कहा। जिस पर सावित्री ने कहा कि जहां पति है वहां पत्नी का होना मर्यादा है। सावित्री की धर्म निष्ठा से प्रसन्न होकर यमराज ने कहा कि अपने पति के प्राणों के अलावा कुछ भी मांग लो। इस पर पहले सावित्री ने यमराज से सास−ससुर के आंखों की ज्योति और दीर्घायु की कामना की। यमराज तथास्तु कहकर आगे बढ़ गए।
सावित्री यमराज के पीछे चलती रही। यमराज ने सावित्री को फिर वापस लौटने कहा, इस पर वह बोली कि पति के बिना नारी के जीवन का कोई अस्तित्व नहीं है। सावित्री के पति व्रत धर्म से प्रसन्न यमराज एक बार फिर वरदान मांगने कहा, जिस पर सावित्री ने अपने ससुर का राज्य वापस दिलाने की प्रार्थना की। यमराज ने यह वरदान भी सावित्री को दिया। लेकिन सावित्री अब भी यमराज के पीछे चलती रही। यमराज ने एक बार फिर सावित्री से वरदान मांगने कहा, इस बार सावित्री ने सौ पुत्रों की मां बनने का वरदान मांगा। वरदान देकर जब यमराज आगे बढ़े तब सावित्री ने कहा कि आपने मुझे सौ पुत्रों की माता होने का वरदान दिया है, पर पति के बिना मैं मां किस प्रकार बन सकती हूं। अपना यह तीसरा वरदान पूरा कीजिए।
सावित्री के पातिव्रत्य धर्म को जानकर यमराज ने सत्यवान के प्राणों को मुक्त कर दिया। इसके बाद सावित्री अपने पति सत्यवान के प्राण को लेकर वट वृक्ष के नीचे आई, जहां सत्यवान का मृत शरीर था। सावित्री ने वट वृक्ष की परिक्रमा की, इसके बाद सत्यवान जीवित हो गया।



