inh24छत्तीसगढ़

वैक्सीन का दूसरा डोज लगेगा 3 महीने बाद, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश, जानें वैक्सीन से जुड़ी बातें

छत्तीसगढ़ में कोरोना टीकाकरण का कार्य तेजी से चल रहा है और इसी के साथ वैक्सीन को लेकर लोगों में अनेक प्रकार की भ्रांतियां फैली हुई है। राज्य में 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के बहुत से लोगों को कोविशील्ड का पहला डोज लग चुका है, एवं अब लोगों के बीच दूसरे डोज लगवाने के अंतराल को लेकर भ्रांति फैली हुई है। इसी स्थिति को स्पष्ट करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने वैक्सीन को लेकर आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार अब कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज 3 से 4 महीने के दौरान लगेगी। स्वास्थ्य विभाग ने “इम्यूनाईजेशन नेशनल टेक्टनिकल एडवाइजरी ग्रुप” एवं “कोविड वर्किंग ग्रुप” के अनुसार कोविशील्ड के प्रथम डोज व द्वितीय डोज के मध्य 6-8 सप्ताह के अंतराल की अपेक्षा 12 से 16 सप्ताह के अंतराल में वैक्सीन के दूसरे डोज लगाने की अनुशंसा की गयी है।

राष्ट्रीय संस्थाओं के अनुशंशा अनुसार अब छत्तीसगढ़ में कोविशील्ड का पहला डोज लगने के बाद 12 से 16 सप्ताह के अंतराल में दूसरा डोज लगाया जायेगा। इस आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 12 से 16 सप्ताह का अंतराल केवल कोविशील्ड के टीके हेतु लागू होगा, कोवैक्सीन का टीका पूर्व निर्धारित अंतराल के अनुसार लगाया जायेगा।

इस आदेश के अनुसार वैक्सीन के दूसरे डोज को लेकर कोविन एप में बदलाव कर दिया गया है। हालांकि जो पहले से रजिस्टर कर चुके हैं, उनका रजिस्ट्रेशन रद्द नहीं किया गया है, लेकिन उन्हें इस बात को लेकर जरूर जागरूक किया गया है कि वो दूसरा डोज 12 से 16 सप्ताह के बाद ही लें।

Related Articles

Back to top button