रायपुर पुलिस ने फर्जी कोरोना रिपोर्ट देने वाले आरोपी को दबोचा, टेस्ट करके देता था फेक रिपोर्ट
रायपुर से फर्जी कोरोना रिपोर्ट की खबर निकलकर सामने आई है। राजधानी पुलिस ने फर्जी कोरोना रिपोर्ट देने वाले एक आरोपी को दबोचा है। बताया जा रहा है कि फर्जी लैब टेक्नीशियन घरों में जाकर कोरोना टेस्ट करता था और फर्जी रिपोर्ट देता है। इस तरह कई लोगों को ठगा है।
मिली जानकारी के मुताबिक फर्जी लैब टेक्नीशियन के इस काले कारनामे के चलते कई लोगों की जान भी चली गई। वहीं इस मामले के खुलासे से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मंदिर हसौंद थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी घरों में जाकर लोगों का कोरोना टेस्ट करता था।
बताया जा रहा है कि टेस्ट के बाद निजी मेडिकल कॉलेज की फर्जी रिपोर्ट देता था। इस तरह आरोपी ने शहर के तेलीबांधा समेत कई इलाकों में जाकर कोरोना का टेस्ट किया है। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित ने दूसरे जगह जांच कराई। पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। वहीं संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इस मामले से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी होगी।




