छग के इस निगम क्षेत्र में कई ऐसे वार्ड जहां पानी की समस्या, नाले के दूषित पानी का होता है उपयोग

सोनु केदार– अंबिकापुर निगम क्षेत्र में कई ऐसे वार्ड है जहां पानी की समस्या बनी हुई है। बावजूद इसके निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। गर्मी के इस मौसम में पानी की समस्या से वार्ड क्रमांक 39 में रहने वाले लोगों का हाल बेहाल हो चुका है। एक हैंडपंप के सहारे वार्ड वासी अपनी प्यास बुझाने को मजबूर है।
वैसे तो अंबिकापुर नगर निगम अमृत मिशन योजना के तहत प्रत्येक वार्ड में पानी की आपूर्ति के लिए करोड़ों रुपए खर्च किया है। लेकिन वर्तमान में कई ऐसे वर्ड है जहां पानी की समस्या बनी हुई है।
वहीं गर्मी के इस मौसम में पानी की समस्या झेल रहे कई वार्ड वासियों की मुसीबत और भी बढ़ गई है। इन्हीं में से एक वर्ड है वार्ड क्रमांक 39 यहां के लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। दरअसल परसापाली में शुरू से ही पानी की समस्या है। नगर निगम के द्वारा वार्ड वासियों की समस्या को देखते हुए कई बार बोर भी कराया गया लेकिन पानी की समस्या खत्म नहीं हुई।
वर्तमान की स्थिति में परसापाली में रहने वाले लोग एक हैंड पंप के भरोसे अपनी प्यास बुझाने को मजबूर है। इस भीषण गर्मी में यहां के लोगों की समस्या और भी बढ़ गई है। जबकि निस्तारी के लिए वार्ड वासी नाले के दूषित पानी का उपयोग करते है। वही दूषित पानी के उपयोग से वार्ड वासियों को कई गंभीर बीमारियों का सामना भी करना पड़ता है। यहां के लोगों का कहना है कि निगम के द्वारा कभी कभार टैंकर के जरिए पेयजल की व्यवस्था कराई जाती है जो कि पर्याप्त नहीं है।
हालांकि नगर निगम के मेयर डॉ अजय तिर्की का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर में बनी पानी की समस्या को देखते हुए पानी टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। जल्द ही पानी की समस्या भी दूर हो जायेगी। इसके अलावा मेयर ने कहा कि वर्तमान की स्थिति को देलते हुए वार्ड में सुबह शाम टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाएगी। ताकि लोगों को गर्मी के इस मौसम में पानी की समस्या से राहत मिल सके।




