
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के उस ट्वीट पर पलटवार किया है. जिसमें राहुल ने केंद्र सरकार को किसान और नौकरी पर बात करने को कहा है. रमन सिंह ने पूछा है कि छत्तीसगढ़ में हो रही घटनाओं का जिम्मेदार कौन है ?
बता दें कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरते हुए ट्वीट किया था. जिसमें लिखा है कि हिम्मत है, तो करो #KisanKiBaat #JobKiBaat. इसी ट्वीट पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने ट्विटर के जरिए ही पलटवार किया है. रमन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि जी हिम्मत है तो जवाब दो! दो साल में छत्तीसगढ़ में 439 किसानों ने आत्महत्या की, जिम्मेदार कौन है? 13 महीनों में 2575 बेटियों से दुष्कर्म की घटनाएं हुई, जिम्मेदार कौन है? दो साल में न एक भी भर्ती हुई, न भत्ता मिला, युवाओं से धोखे का जिम्मदार कौन है?
एक और ट्वीट में सरकार को घेरते हुवे उन्होंने लिखा है कि देखिये छत्तीसगढ़ के कांग्रेस के नेताओं पर सत्ता की हनक और सनक किस कदर हावी है। क्या इन अपराधियो को सरकार ने खुली छूट दे रखी है जो थाने के अंदर घुसकर कांग्रेसी पुलिस आरक्षक की बेदम पिटाई कर रहे हैं,भद्दी गालियां दे रहे हैं। क्या छत्तीसगढ़ में गुंडे-बदमाशों की सरकार आ गई है?




