वृद्धजन आश्रम में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस, वृद्धजनों को किया गया आयुर्वेद काढ़ा का वितरण
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदान प्राप्त संस्था भगवान महावीर समता वृद्ध आश्रम पार्रीनाला राजनांदगांव में वृद्धजन दिवस का आयोजन कोरोना संक्रमण के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किया गया। आयोजन का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। इस अवसर पर शासकीय कला पथक दल द्वारा राज्यगीत अरपा पैरी के धार, रघुपति राघव राजा राम एवं अन्य भजनों का गायन किया गया। इसके बाद वृद्धजनों को शॉल, श्रीफल एवं तिलक लगाकर सम्मानित किया गया।

जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. अरविंद मरावी, विशेषज्ञ चिकित्सा डॉ. नीलेश जैन ने अपने उद्बोधन में वृद्धजन दिवस पर कहा कि वृद्धजनों के जीवन से सीख लेनी चाहिए। आयोजन में उनके द्वारा आयुर्वेद काढ़ा का वितरण वृद्धजनों को किया गया। उप संचालक समाज कल्याण श्री बीएल ठाकुर ने अपने संबोधन में वृद्धजन दिवस की महत्व को बताते हुए वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी साथ ही उनके दीर्घायु की कामना की। समारोह में समाज कल्याण विभाग के परिवीक्षा अधिकारी श्रीमती सुखमा चंद्रवंशी एवं विभाग के सभी कर्मचारी, आयुर्वेद विभाग के श्री दिलीप भिमटे, श्री अनिल ताम्रकार उपस्थित होकर वृद्धजनों का सह सम्मानपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन कला पथक दल द्वारा किया गया।




