छत्तीसगढ़
राजधानी रायपुर के क्वीन्स क्लब में चली गोली, पार्किंग विवाद का मामला
रायपुर के व्हीआईपी इलाक़े में मौजुद क्वीन्स क्लब में पार्किंग को लेकर उपजे विवाद में हवाई फ़ायरिंग हो गई जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह समेत कई दिग्गजों के आवास मौलश्री विहार और विधायकों के निवास के पास ही मौजुद क्वींस क्लब में लॉकडाउन के दौरान पार्टी कैसे आयोजित हुई यह सवाल सबसे बड़ा है। हवाई फ़ायर करने वाले युवक को सीएसपी नसर सिद्दकी और स्टाफ़ ने तत्काल पहुँच कर हिरासत में ले लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक क्वींस क्लब में बर्थडे पार्टी का आयोजन था और उस दौरान पार्किंग को लेकर विवाद हुआ जिस पर भिलाई निवासी हितेश पटेल ने गोली चला दी। गोली चलने की खबर मिलते ही पुलिस ने मौक़े पर पहुँच कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। संवेदनशील इलाक़े में पार्टी का आयोजन कैसे हो रहा था इसे लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो रहा हैं।



