सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चावल से भरे ट्रक गायब होने के मामले में चावल के परिवहनकर्ता कांग्रेसी पार्षद मनोज मालवीय के खिलाफ दंतेवाड़ा पुलिस ने जुर्म दर्ज करते हुए ट्रक को बरामद कर लिया है। पार्षद को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जानकारी मिलते ही मनोज को कांगे्रस ने प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है।
दंतेवाड़ा स्थित वेयरहाउस से कटेकल्याण विकासखंड अंतर्गत गुडसे गांव में स्थित सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान में वितरण हेतु चावल रवाना किया गया था। ट्रक क्रमांक सीजी 18 एच 1254 में 403 बोरे चावल भेजा गया था। उक्त चावल 72 घंटे के भीतर गुडसे नहीं पहुंचा इसके बाद जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए जांच की। एसडीएम लिंगराज सिदार की जांच में उक्त चावल को एसबीआई चौक में खाली होना पाया। इस मामले में कलेक्टर दीपक सोनी ने ट्रांसपोर्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व लिंगराज सिदार ने बताया कि परिवहनकर्ता मनोज मालवीय को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में हेराफेरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।



