उत्तर प्रदेश

पति ने बेरहमी से गला काटकर की पत्नी की हत्या, धर्म परिवर्तन को लेकर हुआ था विवाद

 उत्‍तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में दूसरे समुदाय के युवक से शादी के बाद जब युवती ने अपना धर्म नहीं बदला तो बेहद क्रूरता से उसकी गला काटकर हत्‍या कर दी गई. सोनभद्र में चोपन थाना क्षेत्र के प्रीत नगर में 21 सितंबर को झाड़ियों में मिले युवती के सिर कटी लाश का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा किया. पुलिस ने बुधवार को महिला के सिर को चोपन क्षेत्र से बरामद किया था. एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया की मृतका की पहचान चोपन थाना क्षेत्र निवासी प्रिया सोनी के रूप में की गई है.

प्रिया सोनी ने लगभग डेढ़ माह पहले बगैर अपने परिवार की सहमति के अपने घर के पास रहने वाले अपने प्रेमी एजाज अहमद से विवाह कर लिया था. एजाज उसे अपने घर में न रखकर ओबरा स्थित एक लॉज में रख रहा था साथ ही साथ उस पर लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव दे रहा था.

सिर को धड़ से कर दिया था अलग

मृतका धर्म परिवर्तन के लिए तैयार नहीं थी विवाद बढ़ने पर एजाज ने अपने दोस्त के साथ मिलकर प्रिया की गला काट कर हत्या कर दी और उसका शव झाड़ियो में फेंक दिया था. पुलिस ने इस संबंध में चोपन थाने में धारा 302 का मुकदमा दर्ज किया था और युवती की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार भी किया था.

सोशल मीडिया से सूचना पाकर युवती के परिवार वालों ने उसकी शिनाख्त प्रिया सोनी (22 वर्ष) के रूप में की थी. परिवार वालों ने बताया कि युवती ने बीती सात जुलाई को एजाज अहमद नामक युवक से कोर्ट मैरिज कर ली थी. इसी आधार पर जब पुलिस ने एजाज को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसकी निशानदेही पर शव का सिर भी बरामद कर लिया.

एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि एजाज लगातार प्रिया पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा था ताकि वह उसे अपने घर ले जा सके. बिना धर्म परिवर्तन के एजाज के परिवार वाले प्रिया को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे. एजाज प्रिया को ओबरा क्षेत्र में एक लॉज में रखे हुए था.

प्रिया धर्म परिवर्तन के लिए तैयार नहीं थी इसी वजह से उसने बीती 17 सितंबर को युवती को ओबरा से चोंपन बुलाकर अपने मित्र शोएब अख़्तर के साथ मिलकर गला काटकर हत्या कर दी और शव को चोंपन के प्रीतनगर के जंगल मे छुपा दिया था.

पुलिस ने आरोपी एजाज अहमद और उसके दोस्त शोएब अख्तर के पास से प्रिया का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, चाकू, फावड़ा बरामद कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक आल्टो कार भी बरामद की है. धर्म परिवर्तन न करने पर युवती की हत्या किए जाने से पूरे जिले में सनसनी है. हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रकरण गंभीर होने के चलते इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई भी की जाएगी.

Related Articles

Back to top button