डोंगरगढ़ नगर पालिका परिषद के द्वारा पूर्व में हुए निर्माण कार्य का एक बार फिर से टेंडर निकाले जाने का मामला सामने आया है। डोंगरगढ़ नगर पालिका परिषद के नए सीएमओ ने पूर्व कार्यकाल में अवैध करार हुए 6 विकास कार्यों का दोबारा टेंडर निकाला है। जिसपर विपक्ष के द्वारा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है।
नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष के कार्यकाल में निकाले गए टेंडर प्रशासन ने अवैध बताकर निरस्त कर दिया था क्योंकि टेंडर निकालने से पहले ही सारे काम पूर्ण हो गए थे। ऐसे में सभी कार्यों के भुगतान को रोकने के आदेश जारी हुआ था, लेकिन नगरपालिका में सत्ता परिवर्तन के बाद नियमों को ताक में रखकर फिर से टेंडर जारी कर दिया। परंतु बिल भुगतान होने से पहले ही मामले का खुलासा हो गया। जांच कमेटी ने भी 6 कार्यों के निर्माण को गलत बताया था।

पूर्व कार्यकाल में विकास कार्यो के लिए 19 लाख 38 हजार रुपए का टेंडर निकाला गया था जबकि सितंबर 2019 में इन्हीं 6 कार्यों का निर्माण पूर्ण हो गया था। वहीं वर्तमान में इसी छह में से पांच कार्यों के लिए करीब ₹600000 का टेंडर निकाल कर अखबार में प्रकाशन करा दिया जो कि अब जांच का विषय है।




