मौसम विभाग के मुताबिक अगले 72 घंटे तक प्रदेश में चक्रवात सक्रिय रहेगा। इस दौरान प्रदेश में आरेंज अलर्ट जारी रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी में कहा है कि एक और नया चक्रवातीय घेरा बंगाल की खाड़ी में तैयार हो रहा है, जिसकी वजह से बारिश जारी रहेगी। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली भी गिरेगी। मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में भारी से भारी बारिश हो सकती है।
आपको बता दें कि रायपुर और बिलासपुर संभाग में पिछले 24 घंटे में काफी बारिश हुई है, वहीं सरगुजा में भी मानसून ट्रफ लाइन वर्तमान में अंबिकापुर से गुजर रहा है। इसके अलावा उत्तरी छत्तीसगढ़ में हवा के कम दबाव का क्षेत्र भी बना हुआ है। इन दोनों के असर से प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी रायपुर बिलासपुर इलाके में ज्यादा बारिश हो रही है। बता दें कि जिस इलाके में मानसून ट्रफ लाइन गुजरता है उसके निचले यानी दक्षिण हिस्से में ज्यादा बारिश होती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आगामी 48 घंटों तक मौसम का मिजाज इसी तरह का बने रहने की संभावना है।




