भाजपा महिला नेता नाबालिग के रेप और अपहरण मामले में गिरफ्तार, पूर्व सीएम के पीए गुप्ता से जुड़ा मामला
छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी रहे ओपी गुप्ता द्वारा किये दुष्कर्म और अपहरण के मामले में महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता के परिवार का कोर्ट में बयान बदलवाने और अपहरण करने में अहम भूमिका निभाने के आरोप में जगदलपुर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जबिता मंडावी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि राजनांदगांव जिले के मोहला पुलिस ने जबिता मंडावी को मामले में पांचवी आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि उनकी पीड़िता और उसके परिवार का कोर्ट में बयान बदलवाने और अपहरण करने में अहम भूमिका थी।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के ओएसडी रहे ओपी गुप्ता पर मोहला ब्लॉक की एक किशोरी ने दैहिक शोषण का आरोप लगाया। इसकी शिकायत के बाद पुलिस ने ओपी गुप्ता को गिरफ्तार कर धारा 376 व पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एफआइआर दर्ज होने के बाद पीड़िता को बालिका संप्रेक्षण गृह में रखा था, जहां सीडब्ल्यूसी में बयान होते ही पीड़िता को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पांच मार्च से पीड़िता समेत उसके माता-पिता व भाई अचानक गांव से गायब हो गए। तीन-चार दिनों बाद भी जब उनकी खोज-खबर नहीं मिली, तब पीड़िता के चाचा ने मोहला थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिस पर मोहला पुलिस ने धारा 363, 365, 120 बी, 34 भादवि और पाक्सो एकट की धारा 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की।
पूछताछ के दौरान पुलिस ओडिशा नवागढ़ से पीड़ित परिवार को अपहरणकर्ताओं से छुड़ाकर घर ले आई और मामले में चार आरोपियों श्रीराम चौधरी, कार चालक शत्रुघन सपहा, राजेश शर्मा व सुमीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया था चारों को जेल भी भेज दिया गया है।
आरोपियों ने मामले में ओपी गुप्ता के भाई शिवरतन गुप्ता के शामिल होने का नाम का खुलासा किया था। जिसके बाद से पुलिस फरार शिवरतन की खोजबीन में लगी थी। इस अपहरण के मामले में एक महिला आरोपी के भी शामिल होने की बात सामने आई थी, जो चारों की गिरफ्तारी के बाद से फरार हो गई थी। अब मोहला पुलिस ने उसी महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।



