पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह स्वस्थ, एम्स से किया गया डिस्चार्ज
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को मंगलवार को एम्स से छुट्टी दे दी गई है एम्स के हवाले से यह जानकारी दी है। मिली जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर मनमोहन सिंह जिन्हें रविवार रात 8.45 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था, उनका कोरोना टेस्ट भी नेगेटिव आया है।
सीने में दर्द की शिकायत के बाद हुए भर्ती
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की तबीयत अचानक रविवार रात को खराब हो गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद रविवार(10 मई) रात पौने नौ बजे उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स) के कार्डियक सेंटर के आइसीयू में भर्ती किया गया।
एम्स के मुताबिक, 87 वर्ष के डॉ. मनमोहन सिंह को लंबे समय से दिल की बीमारी है। उनकी दो बार बाईपास सर्जरी भी हो चुकी है। सीने में दर्द की शिकायत और सांस लेने में परेशानी के कारण उन्हें एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें आइसीयू में शिफ्ट किया गया। कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. नीतीश नायक के नेतृव में उनका इलाज चल रहा है। दो बार देश के प्रधानमंत्री रह चुके डॉ. मनमोहन सिंह राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं।
मनमोहन सिंह के एम्स में भर्ती होने के बाद देश के कई नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इन नेताओं में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत कई शामिल रहे।



