अमेरिका के अलग-अलग जगहों में रह रहे 2000 अप्रवासीय भारतीयों ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर मुहिम चलाया है। छत्तीसगढ़ राज्य से भी अमेरिका में रहने वाले प्रवासी भारतीयों के संगठन नाचा (नार्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन) की ओर से यह पहल की जा रही है।
नाचा की संस्थापक और मीडिया हेड दीपाली सराओगी ने मीडिया को बताया की नाचा न केवल छत्तीसगढ़िया समुदाय की मदद कर रहा बल्कि भारतीय और गैर-भारतीय नागरिकों की सहायता और जागरुकता के लिए भी कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि नाचा इस मुश्किल घड़ी में सभी अमेरिकी राज्यों स्थित भारतीय दूतावासों के साथ काम कर रहा है. ताकि पासपोर्ट, वीजा छात्रों और यात्रा से संबंधित लोगों की मदद हो सके।
उन्होंने कहा कि कोरोना के कदम रोकने के लिए बाहर काम कर रही पुलिस, मेडिकल पर्सन, शासन-प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नाचा के सदस्य अपने फेसबुक पेज पर चित्र के माध्यम से जागरूकता और उत्साहवर्धक संदेश भी पोस्ट कर रहे हैं।
बता दें कि नार्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) के संस्थापक गणेश कर ने यह पोस्टर संदेश सोशल मीडिया पर जारी करते हुए कहा कि वैश्विक महामारी के इस दौर में पूरी दुनिया संकट के दौर से गुजर रही है. दुनिया के अलग-अलग देशों में एक-एक कर इस बीमारी का प्रसार हो रहा है और लोगों की लगातार जान जा रही है।
उन्होंने लिखा है कि विश्व की सबसे बड़ी महाशक्ति कहे जाने वाले अमेरिका ने इस बीमारी के दौर को देखा है, यहां रह रहे लोग भी संकट के भीषण दौर से गुजर रहे हैं. ऐसे में जो लोग भारत से आकर यहां रचे-बसे हैं उन्हें अपने देश और अपने प्रियजनों की चिंता सता रही है।
भारत में भी कोरोना बीमारी का प्रसार हो रहा है, लेकिन वहां सरकार की जागरूकता और लोगों के सरकार के प्रति भरोसे ने इस बीमारी के वायरस को कमजोर कर दिया है. नाचा के सभी सदस्य अपने परिवारजनों और दोस्तों की सलामती चाहते हैं. कोरोना वायरस से बचने का उपाय फिजिकल डिस्टेंसिंग और साफ-सफाई ही है. इसलिए लॉक डाउन का पालन करते हुए घरों पर रहें और सुरक्षित रहें।





