inh24देश विदेश

बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, राजौरी में किया सीजफायर का उल्लंघन

पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा और जम्मू-कश्मीर में लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है. बुधवार रात भी पाकिस्तान ने एक बार फिर से जम्मू-कश्मीर के राजौरी में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया. पाकिस्तान की इस गोलीबारी में दो लोगों के घायल होने की खबर है. जबकि एक मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है. जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से राजौरी के मंजककोट में भारी गोलीबारी की गई है. इस गोलीबारी में मंजककोट में रात को सोते हुए दो व्यक्ति घायल हो गए. इसके अलावा गोलाबारी में मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है.

भारतीय सेना के जवान भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं. इस गोलीबारी में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बता दें कि पाकिस्तान पिछले कई दिनों से संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है. पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गुलपुर सेक्टर में करीब चार घंटे गोलाबारी की. इस दौरान पाकिस्तान ने सेना की अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार और यूनिवर्सल मशीनगन से गोलाबारी की थी.

गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार देर शाम से मंगलवार सुबह तक पाकिस्तानी सेना ने इसी क्षेत्र में गोलाबारी की थी. पाकिस्तानी सेना की इस नापाक हरकत का सेना की तरफ से भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया. इसमें नियंत्रण रेखा से सटे गांव खड़ी, करमाड़ा, पोलस और बटवड़ी समेत कई गांव प्रभावित हुए हैं. बता दें कि मंगलवार को करीब 10 बजे पाकिस्तानी सेना के 41 बलोच रेजीमेंट ने जिले के गुलपुर सेक्टर में अपनी अग्रिम चौकियों बकरी, बकरी वन, बकरी टू, बकरी मेन, एलपी, एलपी वन और एलपी राइट से गोलाबारी की.

उन्होंने सेना की चौकियों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों को निशाना बनाया और यूनिवर्सल मशीनगनों और मोर्टार से गोलाबारी की. इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. लोगों ने घरों और बंकरों में पनाह ली. पाकिस्तानी सेना की इस नापाक हरकत का भारतीय सेना की तरफ से भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया. इसमें कहीं किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कई घरों के आसपास पाकिस्तानी सेना की तरफ से दागी गई गोलियां और मोर्टार आकर लगे. जिससे लोग भयभीत हो गए.

Related Articles

Back to top button