10 बजे देश को सम्बोधित करेंगे पीएम मोदी, कर सकते हैं यह ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, सुबह 10 बजे एक बार फिर से देश को संबोधित करेंगे। बता दें कि 21 दिनों के लॉकडाउन की मियाद 14 अप्रैल को खत्म हो रही है, ऐसे में पीएम मोदी के संबोधन पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं।
लॉकडाउन में कोई छूट मिलती है या नहीं लेकिन आज का सबसे बड़ा सवाल यह है कि पीएम मोदी लॉकडाउन को कितने और दिनों के लिए बढ़ाते हैं। बता दें कि कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री 26 दिन में चौथी बार देश को संबोधित करने वाले हैं. एक तरह से ये तय माना जा रहा है कि वह लॉकडाउन को अगले 15 और दिनों के लिए बढ़ाने का ऐलान कर सकते हैं क्योंकि इसका इशारा पीएम ने मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में भी कर दिया था।
गौरतलब है कि पंजाब, महाराष्ट्र जैसे राज्यों ने अपने यहां लॉकडाउन की मियाद 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा भी दी है। केंद्र के निर्देश का इंतजार किए बिना ही 8 राज्य लॉकडाउन की मियाद पहले ही 30 अप्रैल तक बढ़ा चुके हैं. इसमें पंजाब, ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान और तमिलनाडु शामिल हैं।



