कोरोना वायरस : 165 देशों में संक्रमण और 7,965 मौतें लोगों का आंकड़ा हुआ 1 लाख 98 हजार 513
कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा बुधवार सुबह 1 लाख 98 हजार 513 हो गया। 165 देश प्रभावित हैं। मरने वालों की संख्या 7 हजार 988 पहुंच गई है। 81,743 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं।
हवाई द्वीप ने पर्यटकों से फिलहाल न आने की गुजारिश की है। अमेरिकी सरकार संक्रमण से बेहतर तरीके से निपटने के लिए जल्द ही नेवी के दो हाईटेक शिप इस्तेमाल कर सकती है। श्रीलंका में इंटरनेशनल फ्लाइट्स के उतरने पर रोक लगा दी है। सऊदी सरकार ने प्राईवेट सेक्टर 15 दिन के लिए बंद कर दिया है।
श्रीलंका : दो हफ्ते इंटरनेशनल फ्लाइट्स नहीं आएंगी
श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने बुधवार सुबह एक आदेश जारी किया। इसमें कहा गया कि कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए श्रीलंका में अगले दो हफ्ते तक किसी इंटरनेशनल फ्लाइट को उतरने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मंगलवार को सरकार ने तीन दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की थी।
सरकार ने एक बयान अलग से भी जारी किया। कहा कि मुश्किल दौर में आपसे उम्मीद करते हैं कि सभी नागरिक घर में ही रहें। भीड़ वाली जगहों पर बिल्कुल न जाएं। सरकारी नियमों का पालन करें। श्रीलंका में बुधवार सुबह तक कुल 44 मामले सामने आ चुके थे।




