कोरोना वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ पूरी तरह सतर्क…स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने अपने सिविल लाइन स्थित निवास कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां अभी तक कोरोना वायरस से संक्रमित एक भी व्यक्ति नहीं पाया गया है। सभी जिलों में सतर्कता बरतते हुए संदिग्धों की जांच, उपचार और आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की गई है।
सिंहदेव ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर चिंता और व्यग्रता की स्थिति नहीं है। यहां एक भी संदिग्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव्ह नहीं आई है। उन्होंने विदेशों और दूसरे राज्यों से आए लोगों पर नजर रखकर सर्दी-खांसी के लक्षण दिखने पर जांच कराकर होम आइसोलेशन में रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉंस टीम को भी अलर्ट करने कहा। उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के उपायों और जरूरी सावधानियों का लोगों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए। उन्होंने आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी पर लगाए गए डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टॉफ को अच्छे से प्रशिक्षित करने कहा।
वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में कलेक्टरों ने बताया कि उन्होंने अपने-अपने जिलों के जिला चिकित्सालय में आइसोलेशन वार्ड की स्थापना कर ली है। विदेश एवं अन्य राज्यों से लौटे सर्दी-खांसी से पीड़ितों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। इसके लिए गांवों में मितानिनों और कोटवारों को भी सतर्कता के साथ नजर रखने को कहा गया है।
कलेक्टरों ने जानकारी दी कि अस्पतालों में आपात चिकित्सा सुविधा एवं वेंटीलेटर्स की उपलब्धता की समीक्षा कर व्यवस्था दुरूस्त की जा रही है। रायपुर के कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल और एम्स में छह-छह बिस्तरों का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की सचिव निहारिका बारिक सिंह, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं नीरज बंसोड़, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला, खाद्य एवं औषधि नियंत्रक एस.एन. राठौर, डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विनीत जैन और विशेषज्ञ डॉ. पी.के. पंडा ने भी सभी कलेक्टरों और सीएमएचओ को कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने, संदिग्धों की जांच व उपचार तथा लोगों को सतर्क करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।




