आखिर यहां कोई प्रदर्शनकारी मर क्यों नहीं रहा, शाहीनबाग प्रदर्शन पर बोले भाजपा के दिलीप घोष
बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ शाहीनबाग प्रदर्शन में शामिल प्रदर्शनकारियों पर सवाल किया है
वेस्ट बेंगाल के बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ शाहीनबाग प्रदर्शन में शामिल प्रदर्शनकारियों पर सवाल किया है और पूछा कि आखिर यहां कोई प्रदर्शनकारी मर क्यों नहीं रहा है?
दिलीप घोष ने मंगलवार को पूछा कि शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों को कुछ क्यों नहीं हो रहा, जबकि वे दिल्ली की भीषण ठंड में खुले में प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं बंगाल में सीएए और प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी एनआरसी से घबराए लोग ‘खुदकुशी’ कर रहे हैं’।
एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, दिलीप घोष ने इस बात पर हैरानी जताई कि महिलाओं और बच्चों समेत प्रदर्शन में शामिल लोग क्यों बीमार नहीं पड़ रहे या मर क्यों नहीं रहे हैं जबकि वे हफ्तों से खुले आसमान के नीचे प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा सांसद ने यह भी जानना चाहा कि आखिरकार इस प्रदर्शन के लिये रकम कहां से आ रही है।
घोष ने कहा, ‘हमें पता चला है कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाएं और बच्चे दिल्ली की सर्द रातों में खुले आसमान के नीचे बैठे हैं। मैं हैरान हूं कि उनमें से कोई बीमार क्यों नहीं हुआ? उन्हें कुछ हुआ क्यों नहीं? एक भी प्रदर्शनकारी की मौत क्यों नहीं हुई?’
एक और समाचार एजेंसी के मुताबिक, दिलीप घोष ने कहा कि नोटबंदी के दौरान काफी कहा गया कि लोग लाइनों में मर रहे थे। जबकि महिलाएं बच्चों के साथ 4 से 5 डिग्री तापमान में बैठे हैं, अब कोई नहीं मर रहा। क्या उन्होंने अमृत पी लिया है?




