inh24

दृृष्टिबाधित बच्चों को स्मार्टफोन में मिलेगी अध्ययन सामग्री, हुवा कार्यशाला का आयोजन 

स्मार्टफोन में अध्ययन सामग्री प्रदान करने कार्यशाला सम्पन्न

छत्तीसगढ़ में स्मार्टफोन के जरिए दृष्टिबाधित बच्चों को पढ़ाई के लिए अध्ययन सामग्री दी जाएगी। यह सामग्री कक्षा 9वीं से 12वीं कक्षा तक बच्चों को उपलब्ध करायी जा रही है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद में दृष्टिबाधित बच्चों को स्मार्टफोन में अध्ययन सामग्री प्रदान करने के लिए 13 जनवरी से 25 जनवरी तक 12 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में जिलों की शालाओं में अध्ययनरत दृष्टिबाधित बच्चों को स्मार्टफोन में पाठ्यपुस्तक के उपयोग के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यशाला का आयोजन समग्र शिक्षा और एम जंक्शन कोलकाता के सहयोग से किया गया। कार्यशाला का समापन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद में अतिरिक्त संचालक डॉ. सुनीता जैन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। 

स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ देश में पहला राज्य है, जिसने दृष्टिबाधित बच्चों को स्मार्टफोन में अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का अनूठा प्रयास किया है। इस कार्यशाला के आयोजन से दृष्टिबाधित बच्चों में स्मार्टफोन के माध्यम से पाठ्यपुस्तक के उपयोग के लिए काफी उत्साह रहा। कार्यशाला में राज्य के कक्षा नवमीं से 12वीं तक के 171 दृष्टिबाधित बच्चे लाभान्वित हुए। 

उल्लेखनीय है कि राज्य में समग्र शिक्षा के अंतर्गत केन्द्र सरकार की महात्वाकांक्षी योजना समावेशी शिक्षा संचालित है। इसमें दिव्यांग बच्चों को बाधारहित वातावरण तैयार कर शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए प्रयास किया जाता है।

कार्यशाला में राज्य में शिक्षा गुणवत्ता सुधार और आधुनिक तकनीक का उपयोग शिक्षा के लिए किए जाने पर जोर दिया गया। कार्यशाला के प्रथम चरण में जिलों के चयनित बी.आर.पी. (समावेशी शिक्षा) को स्मार्टफोन में पाठ्यपुस्तक के उपयोग के लिए प्रशिक्षित किया गया। द्वितीय से चतुर्थ चरण तक जिलों के शालाओं में अध्ययनरत दृष्टिबाधित बच्चों को प्रशिक्षित किया गया। 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button