Politicsछत्तीसगढ़

कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव के होटल कमरे मे पड़ा छापा, सुरक्षाबलों के साथ पहुंची उड़नदस्ता की टीम, पैसे रखने की मिली थी सूचना…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर लोकसभा चुनाव के दौरान निगरानी के लिए गठित उड़नदस्ते ने गुरुवार रात इंटरसिटी होटल में छापा मारा। अधिकारियों को शक था कि इस होटल में कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव ठहरे थे और उनके कमरे में पैसे रखे हुए थे। हालांकि जांच के बाद टीम में शामिल अधिकारी खाली हाथ लौट आए।

दरअसल, उड़नदस्ता टीम को सूचना मिली थी कि भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव के समर्थक इंटरसिटी होटल के कमरों में ठहरे हुए हैं। उन्होंने पैसे लेकर देवेन्द्र यादव के पक्ष में माहौल बनाया है। टीम को यह भी खबर मिली थी कि जिस होटल में पैसे रखे गये थे, उसी होटल में देवेन्द्र यादव भी रुका हुआ था।

गुरुवार की देर रात उड़नदस्ते में शामिल अधिकारी इंटरसिटी होटल पहुंचे तो उनके साथ बड़ी संख्या में हथियारबंद जवान भी थे। बंदूकधारी सैनिकों ने होटल का गेट बंद कर दिया और लोगों के प्रवेश और निकास पर प्रतिबंध लगा दिया। जिसके बाद अधिकारी होटल के कमरों की तलाशी लेने पहुंचे। हालांकि जांच के दौरान टीम को कुछ नहीं मिला और खाली हाथ लौट आई।

इधर, इंटरसिटी होटल में उड़न दस्ता और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल के जवानों के पहुंचने की सूचना मिलते ही देवेन्द्र यादव भी वहां पहुंच गए। उन्हें भी सुरक्षा बलों ने बाहर ही रोक दिया। इस दौरान देवेन्द्र यादव ने अधिकारियों से मिलने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। हालांकि, देवेन्द्र यादव का कहना है कि वह हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं।

इस दौरान इंटरसिटी होटल में वर्मा परिवार के एक सेवानिवृत्त अधिकारी की शादी की सालगिरह की पार्टी चल रही थी। जब सुरक्षा बलों ने मुख्य द्वार बंद कर दिया तो उनके कुछ रिश्तेदार बाहर ही रह गए और उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया. यह खबर मिलते ही परिजन बाहर आ गए और रिश्तेदारों को बाहर रोके जाने पर हंगामा करने लगे। इस बीच हंगामा देख अधिकारी होटल से बाहर निकल आये, फिर सुरक्षा बल भी वहां से चले गए।

Related Articles

Back to top button