पत्नी को लाने ससुराल गया था पति, सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला, परिजनों ने लगाया जहर देने का आरोप

पीलीभीत। ससुराल गया एक युवक सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा पाया गया। इसकी सूचना मिलने पर स्वजन पहुंचे और एबुलेंस से उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान युवक की मृत्यु हो गई। मृतक के स्वजन ने ससुराल में युवक को चाय में जहर दिए जाने और जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव सिसैया निवासी सत्यप्रकाश ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे पंकज की शादी वर्ष 2019 में गजरौला थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया भजा निवासी रामेश्वर की बेटी रश्मि के साथ हुई थी। होली से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद पुत्रवधू दो दिन पहले परिवार को बगैर बताए अपने मायके चली गई। फोन करके उसे समझाने का प्रयास किया गया लेकिन वह वापस नहीं लौटी।
बुधवार को अपराह्न करीब ढाई बजे पंकज घर से यह कहकर गया कि ससुराल जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल में पंकज को चाय में जहरीला पदार्थ दे दिया गया। जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। ससुराल से निकलकर पंकज सड़क पर आ गया और फिर एक दुकान के पास गिर गया।
शाम करीब चार बजे दुकानदार से सूचना मिली तो परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। वहां पंकज सड़क पर बेहोश पड़ा था। उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज में लापरवाही होते देख रेफर करने को कहा। इसी बीच युवक की मृृत्यु हो गई।
स्वजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। तब सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी और गजरौला थानाध्यक्ष रूपा विष्ट फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी स्वजन की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




