
रायपुर। राजनांदगांव में एक कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा मंच पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल के सामने भड़ास निकालने के मामले ने तूल पकड़ लिया हैं। एक तरफ जहां सीएम विष्णुदेव साय समेत भाजपा के नेता कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं, तो वहीं कांग्रेस नेता इस बयान को कार्यकर्ता द्वारा अपनी बात रखने की आजादी बता रहे हैं। वहीं अब इस मामले में पूर्व विधायक और रायपुर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय का बड़ा बयान सामने आया है।
विकास उपाध्याय ने अपने बयान में कहा कि, कांग्रेस पार्टी में हर कार्यकर्ता अपनी बात को रख सकता है, उस बात में कितनी सत्यता है यह जानना जरूरी है। यह सब भाजपा षड्यंत्र है। राजनांदगांव में पूर्व सीएम भूपेश बघेल का कैंपेन चल रहा है। कांग्रेस पार्टी अभी बढ़त में है। इससे भाजपा को हो रहा दु:ख, क्योंकि वह रमन सिंह का क्षेत्र है। विकास उपाध्याय ने अपने बयान में आगे कहा कि, 5 साल में भूपेश बघेल ने क्या काम किया है यह किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने जो मजबूती कांग्रेस पार्टी को दी है वह एक मिसाल है।
पूरे मामले को लेकर भाजपा भी एक्टिव हो गई हैं। भाजपा के नेता इस वीडियों को शेयर करते हुए कांग्रेस को निशाने पर ले रहे हैं। खुद सीएम विष्णुदेव साय ने यह वीडियों अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर शेयर किया हैं और कांग्रेस समेत भूपेश बघेल पर कटाक्ष किया हैं।
उन्होंने लिखा ‘वो अपने अहंकार में कहते रह गए, मैं हूँ तो भरोसा है। उनके कार्यकर्ता उनके मुंह पर ही कह रहे हैं, 5 साल हमारी सुनी ही नहीं गई। हमें प्रताड़ित किया गया। छत्तीसगढ़ की देवतुल्य जनता ने उनके धोखे को पहले ही पहचान लिया था और “मोदी की गारंटी” पर विश्वास अटूट रहा। जो अपने दरी उठाने वाले कार्यकर्ताओं के नहीं हुए, वे जनता के क्या होंगे भला?”




