ओटीटी 2 के विजेता यूट्यूबर एल्विश यादव को नोएडा पुलिस ने किया गिरफ्तार, लैब में हुई कोबरा के जहर की पुष्टि

बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता यूट्यूबर एल्विश यादव को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें साँप के जहर मामले में गिरफ्तार किया गया है। एल्विश से पूछताछ चल रही है, जिसके बाद उन्हे कोर्ट में पेश किया जाएगा। बता दें कि एल्विश यादव पर पार्टी में साँपों के जहर के इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। फॉरेंसिक रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई थी कि जिस जहर का नमूना लैब गया था वह कोबरा का ही था।
नोएडा पुलिस ने रेव पार्टी में साँप के जहर के इस्तेमाल के मामले में एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें पाँच लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। उस मामले में एल्विश ने खुद को बेगुनाह बताया था, लेकिन फॉरेंसिक लैब, कॉल डिटेल्स व अन्य सबूतों के आधार पर नोएडा पुलिस ने उनसे जाँच में शामिल होने के लिए कहा था। एल्विश यादव इसी मामले में पुलिस के पास पहुँचे थे। उनसे पुलिस ने पूछताछ की और सवालों के संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
#WATCH नोएडा: यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 विजेता एल्विश यादव की गिरफ्तारी पर DCP नोएडा विद्या सागर मिश्रा ने कहा, "वन्य जीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत (एल्विश यादव और अन्य के खिलाफ) मामला दर्ज किया गया था। आज उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया…" https://t.co/DAD3R1Hdgp pic.twitter.com/6xKJDVvgmi
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 17, 2024
नोएडा पुलिस एल्विश को गिरफ्तार करने के बाद जिला अस्पताल लेकर गई और उनका मेडिकल चेकअप कराया। इसके बाद वो एल्विश को अपने साथ ले गई। अब नोएडा पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश करेगी। हालाँकि रविवार होने के चलते अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि उन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, या जज के घर पर उन्हें पेश किया जाएगा।
बता दें कि बीते साल यानी 8 नवंबर 2023 को नोएडा पुलिस ने रेव पार्टी में साँप के जहर के इस्तेमाल के मामले में एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में नोएडा पुलिस ने राहुल, टीटूनाथ, जयकरन, नारायण और रविनाथ को गिरफ्तार किया था। नोएडा पुलिस ने राहुल नाम के शख्स के पास से साँप का जहर भी बरामद किया था और बाद में इनके ठिकानों से छापेमारी कर कुछ जिंदा साँप भी पकड़े थे। इस मामले में बीजेपी सांसद मेनका गाँधी के संगठन ने भी दखल दिया था और एल्विश के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
नोएडा पुलिस ने फार्म हाउसों में चलने वाली पार्टियों में इस जहर के इस्तेमाल की बात कही थी। इस मामले में एल्विश यादव का नाम सामने आया था। बताया गया कि एल्विश यादव पार्टी के आयोजक एल्विश से ही संपर्क करते थे। हालाँकि मामला सामने आने के बाद एल्विश ने सफाई देते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया था।




