मंडावली मंदिर के बाहर की रैलिंग को हटाने पर भारी बवाल, पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल पहुंची मौके पर

Delhi News: पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में गुरुवार को एक मंदिर के बाहर लगाई गई रैलिंग को हटाने के बाद भारी बवाल देखने को मिला है। प्रशासन की तरफ से कहा गया कि यह रैलिंग अवैध रूप से लगाई गई है। जिसके बाद अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम का स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया और उनके खिलाफ नारेबाजी की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच में झड़प की भी सूचना सामने आई है। हालात पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस के साथ ही अर्द्धसैनिक बलों को भी मौके पर बुला लिया गया है।
read also- नया ट्रैक्टर खरीदकर अपने गांव वापस आ रहे युवक की सडक दुर्घटना में मौत
बता दें कि दिल्ली के मंडावली इलाके की अल्लाह कॉलोनी के पास बने एक मंदिर की रेलिंग हटाने के लिए प्रशासन की एक टीम सुबह पहुंची थी। प्रशासनिक टीम ने जब मंदिर की रेलिंग हटानी शुरू की तो लोगों ने बवाल काटना शुरू कर दिया। लोगों ने कार्रवाई रुकवाने के लिए जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और ड्यूटी में भी बाधा डाली। पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने का प्रयास किया तो लोगो द्वारा हाथापाई शुरू कर दी गई। स्थिति को बिगड़ते देख तुरंत अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों को बुला लिया गया। बवाल करने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि स्थिति तनावपूर्ण बनी है।
भारतीय जनता पार्टी के निगम पार्षद रवि नेगी ने मंदिर स्थल पहुंचकर कहा कि यह मंदिर (Temple) बहुत ही पुराना है और इसकी रेलिंग को नहीं गिराया जाना चाहिए। बता दें कि इस दौरान दिल्ली सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी देखने को मिली है। इतना ही नहीं, स्थानीय लोगों के द्वारा जय श्रीराम के नारें भी लगाए जा रहे हैं। साथ ही, हंगामा ज्यादा बढ़ता देख सड़क मार्गों को बंद करा दिया गया है।




