खेल जगत

WTC Final – फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रनों से हराया, भारत की दूसरी पारी 234 रन पर सिमटी


भारत (India) को लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (World Test Championship Final) में हार का सामना करना पड़ा. भारत को ऑस्ट्रेलिया (Australia) के हाथों फाइनल में पांचवें दिन रविवार को 209 रन की पराजय झेलनी पड़ी. भारत की दूसरी पारी 234 रन पर सिमट गई. भारत ने सुबह के सत्र में अपने शेष सात विकेट गंवा दिए.

भारत पहली बार न्यूजीलैंड से हारा था. ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाये थे जबकि भारतीय टीम 296 रन तक ही पहुंच पायी थी. ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 270 रन पर घोषित कर भारत के सामने 444 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा. भारत की दूसरी पारी 234 रन पर सिमट गई और ऑस्ट्रेलिया पहली बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का विजेता बन गया.

पांच दिनों तक चले टेस्ट क्रिकेट के इस महामुकाबले में आखिरकार ऑस्ट्रेलिया ने बाजी मार ली. वह पहली ऐसी टीम है, जिसने क्रिकेट के हर फॉर्मेट के विश्व कप को जीता है. पहले दिन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने जिस तरह से बल्लेबाजी की थी, वहीं से यह तय हो गया था कि उनकी टीम इस मैच में फ्रंट फुट पर है. उसके बाद गेंदबाजों ने भी कमाल का प्रदर्शन किया और भारतीय बल्लेबाजों को ज्यादा मौका नहीं दिया.

हालांकि दूसरे और तीसरे दिन भारतीय टीम ने काउंटर अटैक करने का प्रयास तो किया था लेकिन वह कारगर साबित नहीं हो पाया. भारत को अपनी दूसरी पारी में काफी बढ़िया शुरूआत मिली थी. टॉप चार बल्लेबाजों ने अपनी पारी को सकारात्मक तौर पर शुरू किया था लेकिन रोहित, कोहली, पुजारा, रहाणे सभी ने गलत शॉट का चयन किया, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा.

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने 41 रन पर चार विकेट और स्कॉट बोलैंड ने 46 रन पर तीन विकेट लिए. ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को पहली पारी में शानदार 163 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला.

भारत की तरफ से आज विराट कोहली 49, अजिंक्य रहाणे 46, श्रीकर भरत 23 बनाकर आउट हुए जबकि मोहम्मद शमी 13 रन पर नाबाद रहे. भारत ने कल के तीन विकेट पर 164 रन से आगे खेलना शुरू किया था. विराट ने 44 और रहाणे ने 20 रन से भारतीय पारी को आगे बढ़ाया.

Source by BBC News Hindi

लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज, वायरल ट्रेंड और सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़ी सभी खबरें. आपको ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वायरल होने वाले हर कंटेंट की सीधी जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी. ऊपर दिखाया गया पोस्ट अनएडिटेड कंटेंट है, जिसे सीधे सोशल मीडिया यूजर्स के अकाउंट से लिया गया है. Cgtop36 स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है. सोशल मीडिया पोस्ट Cgtop36 के विचारों और भावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करता है, हम इस पोस्ट में मौजूद किसी भी कंटेंट के लिए कोई जिम्मेदारी या दायित्व स्वीकार नहीं करते हैं.



Related Articles

Back to top button