Forest Department Recruitment-वनरक्षकों के 291 पदों पर हायर सेकेंडरी पास की भर्ती…

रायपुर। छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा प्रदेश में विभिन्न वनमंडलों के 291 रिक्त पदों भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रथम चरण में राजनांदगांव, खैरागढ़, कवर्धा, महासमुंद, धमतरी, उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व गरियाबंद, गरियाबंद, मुंगेली, रायगढ़, धरमजयगढ़, जांजगीर-चांपा, अचानकमार टाईगर रिजर्व लोरमी के 151 पदों पर शारीरिक मापजोख एवं दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया 22 मई 2023 से शुरू होगी।
दक्षता परीक्षा का रोल नंबरवार विवरण विभाग की वेबसाईट www.cgforest.com में उपलब्ध होगी। साथ ही अभ्यर्थी 13 मई से वेबसाईट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट हाेगी। वहीं महिलाओं को अधिकतम आयु सीमा में 10 साल की छूट का प्रावधान है। राज्य के खेल पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों और राष्ट्रीय युवा पुरस्कार पाने वालों को भी आयु सीमा में 5 वर्ष तक की छूट का प्रावधान किया गया है।
Read More- छत्तीसगढ़ –शराब घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, कारोबारी पप्पू ढिल्लन को भिलाई से किया ईडी ने गिरफ्तार..
शारीरिक मानदंड भी निर्धारित हैं
वनरक्षक के लिए विभाग ने शारीरिक मानदंड निर्धारित किए हैं। इसके मुताबिक पुरुषों के लिए ऊंचाई कम से कम 163 सेंटीमीटर और महिलाओं के लिए 150 सेंटीमीटर अनिवार्य है। अनुसूचित जनजाति के पुरुषों को लिए ऊंचाई 152 सेंटीमीटर और महिलाओं के लिए 145 सेंटीमीटर निर्धारित है। सीने की माप सभी पुरुषों के कम से कम 79 सेमी और फुलाव 05 सेमी होना चाहिए। महिलाओं के लिए यह माप 74 सेमी और फुलाव 05 सेमी निर्धारित किया गया है।
लिखित परीक्षा से पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी
आवेदन की जांच के बाद अभ्यर्थियों को शारीरिक नापजोख के लिए बुलाया जाएगा। उसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसके लिए तारीख और परीक्षा स्थल की सूचना वन विभाग की वेबसाइट के जरिये दी जाएगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा 100 अंकों की हाेगी। इसमें 200 मीटर की दौड़ 25 अंक, 800 मीटर दौड़ 25 अंक, लंबी कूद 25 अंक और गोला फेंक 25 अंकों का होना है। इसमें सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी को कम से कम 60% अंक और रिजर्व कैटगरी के लोगों के लिए 50% अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
100 अंकों की लिखित परीक्षा होगी
शारीरिक दक्षता परीक्षा के आधार पर वर्गवार प्रावीण्य सूची बनेगी। इसमें विज्ञापन में दिए गए पदों से 15 गुना उम्मीदवारों को शामिल किया जाना है। लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। इसमें सामान्य ज्ञान, बुद्धि परीक्षण, विश्लेषण क्षमता और अंक गणित से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ होने हैं।
लिखित परीक्षा पास की तो पैदल चाल की एक और प्रतियोगिता
लिखित परीक्षा की मेरिट सूची में शामिल लोगों को एक और परीक्षा से गुजरना होगा। यह पैदल चाल की एक प्रतियोगिता होगी। पुरुषों को 4 घंटे में 25 किमी चलना होगा। वहीं महिला उम्मीदवारों को इन्हीं 4 घंटों में 14 किलोमीटर दूरी पैदल ही तय करनी होगी। इस परीक्षा के लिए कोई अंक निर्धारित नहीं है। इतना जरूर है कि 4 घंटे में दी गई दूरी तक नहीं चल पाए लोग नौकरी के पात्र नहीं होंगे।




